फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही: नागरिक अस्पताल में दान का दलिया परोसा, कीड़े मिलने पर मरीजों ने किया बवाल

Mon, 08 Aug 2022 10:30 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों को नाश्ते में परोसे गए दलिया में कीड़े मिले थे। मरीजों का आरोप है कि वह ठीक होने के लिए अस्पताल में भर्ती हुए हैं। कीड़े युक्त दलिया खाने से ज्यादा हालत बिगड़ जाएगी। मरीजों के तीमारदारों ने चिकित्सक को शिकायत की तो लोगों के सामने रसोइये ने गलती मानी। 
विज्ञापन
अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज। चम्मच में रखे दलिया में पड़े कीड़े को दिखाती रीना। राजपाल। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के सोनीपत में बेहतर सुविधाओं के दावा करने वाले नागरिक अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से दान में मिला दलिया सोमवार सुबह पकार मरीजों में परोसा गया। दलिया में कीड़े मिलने पर मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीजों ने बवाल कर दिया। मरीजों के तीमारदारों ने इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की।

विज्ञापन


इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने रसोइये और उसके इंचार्ज को मौके पर बुलाया। इस दौरान मरीजों व तीमारदारों के सामने रसोइये ने गलती मानी। मरीजों का कहना था कि वह उपचार कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हुए हैं, लेकिन कीड़ेयुक्त दलिया खाने से उनकी हालत ज्यादा बिगड़ जाएगी। 

नागरिक अस्पताल में मरीज अपना उपचार कराने पहुंचते हैं। यहां भर्ती मरीजों को रोजाना तीन समय निशुल्क खाना दिया जाता है। अस्पताल के मेडिकल वार्ड में करीब 40 मरीज भर्ती हैं। रोजाना की तरह सोमवार सुबह नाश्ते में मरीजों को दलिया परोसा गया। दलिये में मरे हुए कीड़े मिले तो मरीजों ने बवाल शुरू कर दिया।
विज्ञापन


उनका आरोप है कि जब दलिया बनाया जा रहा था तो उस वक्त न तो रसोइये ने ध्यान दिया और न ही रसोई इंचार्ज मौके पर मौजूद थी। जिस समय अस्पताल प्रबंधन की ओर से कीड़ेयुक्त दलिये को मरीजों को परोसा जा रहा था, उस समय अधिकतर मरीज दलिया खा चुके थे। किसी मरीज को दलिये में कीड़े मरे हुए मिले तो दलिये को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

इसके बाद गुस्साएं मरीजों के तीमारदार बवाल करते हुए रसोई में गए तो वहां रखे हुए दलिये में कीड़े मिले। मरीजों ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों को परोसे जा रहे भोजन को लेकर अनदेखी की जा रही है। डायटीशियन की ओर से मरीजों को बांटे जाने वाले भोजन को भी चेक नहीं किया जाता।

मरीज बीमारी के चलते खाने की तरफ इतना ध्यान नहीं दे पाता। एक मरीज ने दलिये में दूध डाला तो कीड़ा ऊपर आ गया। जिसके चलते दलिया खाने वाले मरीजों में ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया। रोगियों के अन्य तीमारदारों ने चिकित्सा अधीक्षक से कहा कि रोगियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जाए और कीड़े वाला दलिया देने पर कठोर कार्रवाई की जाए। इस पर रसोइये व रसोई इंचार्ज को मौके पर बुलाया गया। इस दौरान रसोइये ने अपनी गलती को स्वीकार किया। 

अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नाश्ते में रोजाना की तरह सोमवार सुबह दलिया दिया गया। उस दलिये में कीड़े मिले हैं। ऐसे में भोजन तैयार करने वाले रसोइये ने लापरवाही बरतते हुए कच्चे दलिये को साफ तक नहीं किया।  रीना, मरीज

मरीजों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। अगर कीड़ेयुक्त भोजन खाएंगे तो मरीज और ज्यादा बीमार हो जाएंगे। चिकित्सक भी बार-बार सादा व बेहतर भोजन करने की सलाह देते हैं। फिर भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों के स्वास्थ्य की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। -राजपाल, मरीज



जिस दलिया में कीड़े मिले हैं, वह दान किया हुआ था। रसोइये ने उस पर ध्यान नहीं दिया। जिसकी वजह से पकाने के बाद दलिया मरीजों को परोस दिया गया। अब किसी से कोई खुला सामान बाहर से नहीं लिया जाएगा। अगर कोई सामान की आपूर्ति होती है तो जांच के बाद ही उसे मरीजों के पास पहुंचाया जाएगा। -सुधा मलिक, आहार विशेषज्ञ नागरिक अस्पताल । 
विज्ञापन


अस्पताल में मरीजों को परोसे गए कीड़ेयुक्त दलिये को लेकर रसोइये ने अपनी गलती मान ली है। भविष्य के लिए रसोइये को निर्देश दिए गए हैं कि वह आगे से ऐसी लापरवाही न करे। सरकार की ओर से जो बजट आता है और दानी सज्जनों से भी मिलने वाले सहयोग से रसोई का संचालन किया जा रहा है। आहार विशेषज्ञ को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह किसी से खुला खाद्य पदार्थ न लें।  -डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें