भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र (साई), बहालगढ़(सोनीपत, हरियाणा) में तीरंदाजी एशिया कप स्टेज-3 के लिए ट्रायल के बाद 16 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन किया गया। ट्रायल प्रक्रिया सोमवार को पूरी हुई। ट्रायल में देशभर के 73 खिलाड़ियों ने भाग लिया। चुनी गई टीम संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में 20 से 25 दिसंबर तक होने वाले एशिया कप स्टेज-3 में भाग लेगी।
साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि बहालगढ़ सेंटर में रिकर्व व कंपाउंड वर्ग में टीमों का चयन किया गया। इसके लिए 12 से 14 नवंबर तक ट्रायल प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए रिकर्व पुरुष व महिला और कंपाउंड पुरुष व महिला वर्ग में टॉप चार-चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। रिकर्व पुरुष वर्ग 20 व महिला वर्ग में 18 तथा कंपाउंड पुरुष वर्ग में 20 व महिला वर्ग में 15 तीरंदाजों ने भाग लिया। इस दौरान हाई परफार्मेंस डायरेक्टर संजीवा सिंह भी मौजूद रहे।
यह खिलाड़ी हुए चयनित
रिकर्व पुरुष
महाराष्ट्र के पार्थ सुशांत, सर्विसेज के बिशाल चांगमई, झारखंड के मृनाल और हरियाणा के आकाश
रिकर्व महिला
चंडीगढ़ की गुरमेहर कौर, हरियाणा की तिशा पूनिया, मध्य प्रदेश की सान्या ठाकुर और हरियाणा की तमन्ना
कंपाउंड पुरुष
महाराष्ट्र के मानव व ओजस, दिल्ली के प्रियांश और हरियाणा के कुशल
कंपाउंड महिला
महाराष्ट्र की अदिति, दिल्ली की ऐश्वर्या व प्रगति और पंजाब की परनीत कौर
क्या कहते हैं खिलाड़ी
प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी की गई है। तीन दिन हुए ट्रायल में मेरा चयन हो गया है। प्रतियोगिता में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश को पदक दिलाऊंगी।
-तिशा पूनिया, तीरंदाज
प्रतियोगिता के लिए शानदार तैयारी जारी है। मैं साई में रहकर अभ्यास कर रहा हूं। यूएई में आयोजित प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक लेकर आऊंगा।
-पार्थ, तीरंदाज
शारजाह में होने वाले तीरंदाजी एशिया कप स्टेज-3 के लिए टीम का चयन कर लिया गया है। ओलंपिक और एशियन खेलों की तैयारियों के लिए एशिया कप काफी मददगार होगा।
-विवेक कुमार, प्रशिक्षक, तीरंदाजी