सोनीपत। डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेक्टर-7 स्थित पॉली क्लीनिक में वीरवार को जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. आशा सहरावत ने स्वास्थ्य निरीक्षकों की बैठक ली। उन्होंने हाई रिस्क एरिया में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य निरीक्षक (एचआई) लोगों को जागरूक करें और डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया के मरीज की पहचान कर उनका इलाज शुरू कराने में सक्रियता दिखाएं।
जिले में अब तक डेंगू के 39, मलेरिया के 12 और चिकनगुनिया का एक मरीज मिल चुका है। जिला नागरिक अस्पताल की दूसरी मंजिल पर डेंगू लैब में रोजाना 20 से 25 लोगों की डेंगू जांच की जा रही है।
वहीं, निजी लैब में भी जांच की सुविधा है, निजी लैब में डेंगू जांच के लिए 600 रुपये व चिकनगुनिया जांच के लिए 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। यदि कोई लैब संचालक निर्धारित दर से अधिक वसूल करता है तो उस पर विभाग की तरफ से कार्रवाई की जाएगी। निगरानी के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों की टीम गठित कर दी है जो जिले की सभी लैब पर निगरानी रखेगी।