मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि उनकी टीम आधी रात को हाईवे पर गश्त कर रही थी। जब वह हंस ढाबा कुराड़ बाईपास की तरफ जा रहे थे तो कुराड़ बाईपास के सामने हाईवे पर एक गाड़ी खड़ी दिखाई दी। वहां पांच युवक खड़े होकर हंगामा कर रहे थे।
सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 पर मुरथल से आगे कुराड़ बाईपास के सामने बीच सड़क गाड़ी रोककर हुडदंग कर रहे पांच युवकों को पुलिस ने रोका तो एक युवक ने थाना प्रभारी का गिरेबान पकड़ लिया। साथ ही खुद को डिफेंस कर्मी बताकर युवक ने थाना प्रभारी की नेम प्लेट भी तोड़ दी। साथ ही उसके साथियों ने अन्य पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने की कोशिश की। इसी बीच डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद पांचों युवकों को पकड़ लिया गया। उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पांचों आरोपी उत्तर प्रदेश के बागपत जिला के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि उनकी टीम आधी रात को हाईवे पर गश्त कर रही थी। जब वह हंस ढाबा कुराड़ बाईपास की तरफ जा रहे थे तो कुराड़ बाईपास के सामने हाईवे पर एक गाड़ी खड़ी दिखाई दी। वहां पांच युवक खड़े होकर हंगामा कर रहे थे। वह आपस में झगड़ा कर रहे थे। जिससे हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी।
जिस पर थाना प्रभारी ने युवकों को समझाने की कोशिश की। उनको अलग-अलग करने लगे तो एक युवक धमकी देने लगा। युवक ने कहा कि वह विशांत है और डिफेंस में नौकरी करता है। उसे रोकने वाले तुम कौन हो। आरोप है कि विशांत ने इसी दौरान थाना प्रभारी का गिरेबान पकड़ लिया और वर्दी पर लगी नेम प्लेट तोड़ दी।
विज्ञापन
इतना ही नहीं उसके चार साथी पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश करने लगे। इसी बीच पुलिस की डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने पांचों युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव बावली निवासी विशांत व अतुल, बाजीदपुर निवासी सावन व रोहन तोमर, शिलाना निवासी विजय के रूप में हुई। पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ हुडदंग करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।