फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत: दिल्ली जाने से रोके भारी वाहन, परेशान रहे चालक, 25 की शाम से 26 की दोपहर तक भी रहेगी एंट्री बंद 

Sun, 23 Jan 2022 07:17 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के चलते हाईवे पर जगह-जगह वाहन रोके गए थे। दिल्ली में एंट्री खुलने के बाद प्रवेश मिल सका। 25 जनवरी शाम 5 बजे से 26 जनवरी दोपहर 12 बजे तक फिर दिल्ली में एंट्री बंद रहेगी। 
विज्ञापन
बारोटा के पास ट्रकों को रोकने के चलते रोष प्रकट करते चालक।  - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के चलते हरियाणा के सोनीपत में भारी वाहनों को हाईवे पर जगह-जगह नाके लगाकर रोक दिया गया। कुंडली बार्डर से पहले ही भारी वाहनों को केजीपी-केएमपी के रास्ते भेजा गया। अलग-अलग स्थानों पर ट्रक चालकों ने रोके जाने पर रोष जताया। उनका आरोप था कि सोनीपत में नाइट कर्फ्यू के चलते उन्हें खाना तक नहीं मिला। प्रशासन को ऐसी स्थिति के लिए अलग से प्रबंध करने चाहिए। तीसरे पहर दिल्ली में एंट्री खुलने के बाद ही उन्हें राहत मिल सकी।

विज्ञापन

 
गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के चलते शनिवार रात से दिल्ली में भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। जीटी रोड पर गन्नौर, मुरथल, बहालगढ़ के साथ ही केजीपी-केएमपी के पास नाके लगाकर भारी वाहनों को दिल्ली में जाने से रोका गया। बीसवां मील से आगे पहुंचे वाहनों को केएमपी व केजीपी के रास्ते यूपी व राजस्थान की तरफ भेजा गया।

जिन वाहनों को दिल्ली जाना था उन्हें केएमपी व केजीपी पर ही रोक दिया गया। भारी वाहनों को सड़क किनारे रोकने के चलते चालकों ने रोष जताया। रविवार दोपहर बाद दिल्ली में वाहनों का आवागमन शुरू होने के बाद ही वाहन चालकों को राहत मिल सकी। इसके बाद जाम की स्थिति से निजात मिल पाई।

कच्चा माल बना वाहन चालकों के लिए मुसीबत

हाईवे पर कच्चा माल लेकर दिल्ली में जाने वाले वाहन चालकों की मुसीबत अधिक बढ़ गई। उन्हें दिल्ली में जाने से रोका गया तो उन्हें कच्चे माल के खराब होने की चिंता सताने लगी। चालक राकेश, मुकेश ने कहा कि कच्चे मॉल को दिल्ली समय पर ले जाया जाना था। दिल्ली में भारी वाहन रोकने की उनके पास कोई जानकारी नहीं थी। अगर इस तरह वाहनों को रोकना होता है तो पहले इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। 

कल से फिर दिल्ली के लिए थम जाएंगे भारी वाहनों के पहिए

दिल्ली में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को लेकर मंगलवार शाम पांच बजे से जीटी रोड से भारी वाहनों की एंट्री रोक दी जाएगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से संबंधित चौकी प्रभारियों व ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। वहीं, भारी वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों से गुजरने की अपील की गई है। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए चालक दिल्ली की ओर जाने के लिए पानीपत के सनौली होकर वाया बागपत जा सकते हैं, वहीं पानीपत की ओर जाने वाले वाहन चालक गढ़मिरकपुर से होते हुए बागपत जा सकते हैं। भारी वाहनों पर रोक 25 जनवरी शाम पांच बजे से 26 जनवरी को दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगी।

रात को 10 बजे कुंडली एरिया में पहुंचने पर पता लगा कि दिल्ली में एंट्री नहीं है। ऐसे में रात को काफी परेशानी हुई। जहां वाहनों का रोका गया वहां खानपान का भी प्रबंध नहीं था। प्रशासन को इसे लेकर वाहन चालकों का भी ध्यान रखना चाहिए। -राजकुमार, चालक

अमृतसर से दिल्ली के ओखला के लिए चला था। सोनीपत में आने के बाद पता लगा कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के चलते एंट्री बंद है। मैं चावल भरकर लाया हूं। देर रात तक बूंदाबांदी होती रही, ऐसे में माल बर्बाद होने का डर बना रहा। प्रशासन को वाहनों का रोकना हो तो इसकी जानकारी सभी ट्रांसपोर्टर को पहले दी जानी चाहिए। -बलदेव सिंह, चालक

प्रशासन को चाहिए कि अगर इस तरह दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश बंद करना है तो पहले ही से ही हिदायत जारी करनी चाहिए। साथ ही वाहनों को शहर के आसपास रोकना चाहिए, जिससे खानपान में दिक्कत न हो सके। हमें बारोटा के पास रोका गया, बारिश का मौसम होने से परेशानी बढ़ गई है। -बिजेंद्र सिंह, चालक 

दिल्ली में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के नाम पर चालकों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। ठंड के मौसम में जहां वाहन चालकों को रोका गया वहां कोई सुविधा नहीं है। सर्दी व साथ ही बारिश का मौसम होने के चलते चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। -अशोक, करनाल 

दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के बाद भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोका गया। हाईवे पर जाम से बचाने के लिए वाहनों को एक तरफ रोका गया। जिससे किसी वाहन चालक को परेशानी न हो सके। एंट्री खुलते ही उन्हें दिल्ली रवाना कर दिया गया। 25 जनवरी की शाम से 26 जनवरी को दोपहर 12 बजे से फिर से दिल्ली में भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। -जगजीत सिंह, पुलिस प्रवक्ता सोनीपत

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें