सोनीपत। पलड़ी खुर्द के नाके पर हरियाणा रोडवेज की बसों का ठहराव होगा। इससे पांच गांवों के लोगों को फायदा मिलेगा। विधायक कृष्णा गहलावत की ओर से अनुशंसा किए जाने पर रोडवेज महाप्रबंधक ने आदेश जारी कर दिए हैं। बड़ौत, बागपत, मेरठ व बृजघाट रूट पर आने-जाने बसों को पलड़ी खुर्द के नाके पर रोककर चलाने के आदेश जारी किए हैं।
पलड़ी खुर्द व आसपास पलड़ा, पलड़ी कलां, नई बसौदी, पुरानी बसौदी गांव के लोगों को रोडवेज बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा था। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना रहा था। ग्रामीणों ने राई से विधायक कृष्णा गहलावत से मिलकर रोडवेज बससेवा चालू करने की मांग की थी।
इस पर रोडवेज बसों का ठहराव न होने के कारण हो रही परेशानी से उन्हें अवगत कराया गया। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने रोडवेज महाप्रबंधक से अनुशंसा की। रोडवेज महाप्रबंधक ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न रूटाें पर जाने वाली सभी रोडवेज बसों को पलड़ी खुर्द नाके पर रोककर चलाने आदेश जारी किए हैं।
सोनीपत बस अड्डे से रोजाना बड़ौत, बागपत, मेरठ व बृजघाट रूट पर 10 बसाें का संचालन होता है। सोनीपत से बड़ी संख्या में इन रूटों पर रोजाना सैकड़ों यात्री सफर करते हैं। पलड़ी खुर्द के पास रोडवेज बस न रुकने के कारण आसपास गांव के लोगों को परेशानी होती है। उन्हें दूसरे बस स्टॉप पर जाकर उत्तर प्रदेश की ओर जाने के लिए बसों को पकड़ना पड़ता है।
बस स्टॉप पर जाने में देरी होने पर कई बार बसें भी छूट जाती है। जिसकी वजह से उन्हें निजी वाहनों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
उत्तर प्रदेश जाने वाली हरियाणा रोडवेज की बसें अब पलड़ी खुर्द के नाके पर रूककर चला करेंगी। ग्रामीणों की मांग पर महाप्रबंधक की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
- सुरेंद्र दुग्गल, स्टैंड सुपरवाइजर, सोनीपत डिपो