हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत में घोषणा की कि सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं की टक्कर से होने वाली मौत पर प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देगी। इन बेसहारा पशुओं को सड़कों से हटाकर गोशाला व नंदीशाला में पहुंचाया जाएगा, इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही किसानों को राहत देते हुए उन्होंने कहा कि अगले साल 70 फीसदी अनुदान पर 70 हजार सोलर ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार शाम को सोनीपत के झिंझौली स्थित साधना केंद्र में आयोजित अल्पकालीन विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि खेत में किसान की मृत्यु होने पर सरकार की तरफ से परिवार को 5 लाख रुपये और कृषि कार्य के दौरान अंग भंग होने पर भी आर्थिक सहायता दी जाती है।
अब सरकार ने किसानों के हित के लिए एक और फैसला लिया है कि अगर किसी बेसहारा पशु की टक्कर लगने से किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उसके परिवार को भी 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस वर्ष किसानों को 75 फीसदी अनुदान पर 50 हजार सोलर ट्यूबवेल कनेक्शन दिए गए हैं।
अगले वर्ष उनकी संख्या बढ़ाकर 70 हजार की जाएगी। हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है जो किसानों की एक दर्जन से अधिक फसलों को एमएसपी पर खरीदता है। फसल बीमा योजना, भावांतर भरपाई योजना, मेरा पानी मेरी विरासत योजना से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण चौकीदारों का मासिक वेतन 6 से बढ़ाकर 11 हजार रुपये किया है। वहीं आकस्मिक मृत्यु पर परिवार को 5 लाख रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की तर्ज पर सेवानिवृत्ति पर एक मुश्त 2 लाख रुपये का लाभ दिया जाएगा। सरकार ने नौकरियों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है।
आज पढ़ाई के बल पर बच्चों को नौकरियां मिल रही हैं। सरकार ने औद्योगिक क्षेत्रों की नीतियों व योजनाओं की कार्यशैली को सरल किया है। मुद्रा लोन की सहायता से 20 हजार नए उद्योग स्थापित हुए है, जिससे प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
इससे पहले सांसद रमेश कौशिक ने केंद्र सरकार की तरफ से चलाई जा रही गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर विधायक एवं प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली, विधायक डाॅ. कृष्ण लाल मिड्ढा, जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, पूर्व मंत्री कविता जैन, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, पूर्व वाइस चेयरमैन ललित बतरा, भाजपा नेता राजीव जैन, डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय, मीना नरवाल, जसबीर दोदवा, जिला महामंत्री योगेश पाल अरोड़ा, देवेंद्र कादियान, तरुण देवीदास, पूर्व चेयरमैन कुलदीप नांगल आदि मौजूद रहे।