हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा कि दूषित पानी को शोधित करने के साथ ही उसका दोबारा प्रयोग हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इसे लेकर किसी तरह की कोताही नहीं होगी। अगर ऐसे ही नाले में शोधित पानी डाला जाता रहा तो उसका क्या फायदा होगा। सीएम मनोहर लाल सोमवार को सोनीपत दौरे से पहले गन्नौर औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचे थे।
जीवीएम कन्या महाविद्यालय में सीएम मनोहर लाल ने नवनिर्मित सभागार इंद्रधनुष का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने मंच पर दीप प्रज्ज्वलन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने तीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। इनमें प्रमुख रूप से जगतगुरु भारत-थियेट्रिकल शो शामिल रहा। जिसके माध्यम से देश की आजादी के बाद हुए विभाजन के दर्द को प्रदर्शित किया गया। विभाजन के बाद भारत ने विकास की दिशा में बढ़ते कदमों को भी प्रभावी रूप में दिखाया गया। बाद में छात्राओं ने राजस्थानी समूह नृत्य की प्रस्तुति दी और सरस्वती वंदना की प्रस्तुति भी दी गई। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक, विधायक मोहन लाल बड़ौली, पूर्व मंत्री कविता जैन, जीवीएम संस्था के प्रधान डॉ. ओपी परूथी व प्राचार्या डॉ. रेनू भाटिया मौजूद रहे।
नियम 134ए को खत्म करने व इस नियम के तहत पात्र विद्यार्थियों का दाखिला न होने के विरोध में मुख्यमंत्री का विरोध करने सेक्टर-15 एचएसवीपी मैदान पर पहुंचीं छात्र अभिभावक संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमार सहित कई अभिभावकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसका पता लगते ही अन्य अभिभावक भी सेक्टर-27 थाना के पास इकट्ठा हुए और हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगें रखने के लिए यहां पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने मुख्यमंत्री के आने से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया। गुस्साए अभिभावकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए नियम 134ए को दोबारा शुरू करने की मांग की। सेक्टर-15 स्थित एचएसवीपी मैदान पर शाम पांच बजे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी पहुंचेंगे और पांच बड़ी सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।