सोनीपत/गोहाना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के बीच ग्रामीण क्षेत्रों की कई व्यायामशालाओं की स्थिति बदहाल बनी हुई है। लाखों रुपये की लागत से बनी व्यायामशालाओं में साफ-सफाई, पीने के पानी, बिजली और उपकरणों की कमी है, जिससे फिटनेस को बढ़ावा देने का सरकारी उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। जिले में 84 व्यायामशालाएं हैं जिनमें से 24 में देखरेख के अभाव में चहारदीवारी और फर्श टूटे पड़े हैं।
सरकार और प्रशासन की अनदेखी के कारण कई व्यायामशालाओं में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार समस्या यह भी है कि योग शिविर का आयोजन आखिर किस स्थान पर किया जाएगा। जिले की 24 व्यायामशालाएं खस्ता हालत में हैं और हर वर्ष इसी तरह की स्थिति सामने आती है बावजूद इसके सुधार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाते।
जिले में 84 योग व्यायामशालाएं स्थापित की गई हैं। इसमें 84 आयुष योग सहायक कार्यरत हैं। गोहाना खंड में 18 व्यायामशालाओं में 15 आयुष योग सहायक तैनात हैं जबकि तीन नई व्यायामशालाएं अभी संबंधित विभाग को हैंडओवर नहीं की गई हैं। कथूरा ब्लॉक में सात तथा मुंडलाना ब्लॉक में भी व्यायामशालाएं हैं।
योग व्यायामशालाओं में प्रतिदिन सुबह छह बजे से नौ बजे तक योग कक्षाएं लगाई जाती हैं। इसके बाद सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयुष योग सहायक आयुष आरोग्य मंदिरों में लोगों को योग के लाभ और अभ्यास की जानकारी देते हैं। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत योग सहायकों को 23,466 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता है जबकि 11 योग इंस्ट्रक्टर को 8,000 रुपये मानदेय दिया जा रहा है।
जिला योग समन्वयक डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जिले की कई व्यायामशालाओं में मेन गेट, चहारदीवारी, बिजली और रखरखाव जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कुछ योग व्यायामशालाओं में फर्श तक की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे योगाभ्यास करने वालों को परेशानी होती है। कई स्थानों पर असामाजिक तत्वों की ओर से तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आती हैं, जबकि शाम के समय असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें भी मिलती हैं। गांव ठसका, भादी, न्यात और गामड़ी की योग व्यायामशालाओं में मेन गेट, फर्श और शेड नहीं हैं। कई अन्य केंद्रों पर भी आधारभूत सुविधाओं के सुधार की आवश्यकता बनी हुई है।
वर्जन
डॉ. रामावतार, जिला आयुर्वेद अधिकारी ने बताया कि 24 व्यायामशालाओं में देखरेख का अभाव है और कई स्थानों पर मरम्मत कार्य पंचायत विभाग की ओर से किए जा रहे हैं।
गोहाना के गांव गामड़ी की योग व्यायामशाला का टूट हुआ मेनगेट और चहारदीवारी। संवाद
गोहाना के गांव गामड़ी की योग व्यायामशाला का टूट हुआ मेनगेट और चहारदीवारी। संवाद