खरखौदा। वेयर हाउस के गेट के सामने कार खड़ी करके शराब पी रहे युवक को गाड़ी हटाने के लिए कहना गार्ड को महंगा पड़ गया। युवक ने अपने भाइयों को बुलाकर गार्ड पर लाठी-डंडों से हमला कर अधमरा कर दिया। खरखौदा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोहतक जिले के गांव खरैंटी निवासी अजय ने बताया कि वह अपनी बहन की ससुराल पहलादपुर गांव में रहते हैं। गांव में ही 3-टी वेयर हाउस में सुरक्षाकर्मी की नौकरी करते हैं। वह रात की ड्यूटी के दौरान गेट पर बैठे हुए थे।
इसी दौरान पहलादपुर निवासी हरीश अपनी गाड़ी लेकर आया और वेयर हाउस के गेट के सामने खड़ी कर शराब पीने लगा। उन्होंने जाकर हरीश को वेयर हाउस में आने वाली गाड़ियों का हवाला देकर अपनी गाड़ी गेट के सामने से हटाने के लिए कहा तो वह उनके साथ मारपीट की।
अजय का आरोप है कि हरीश ने अपने भाई सोनू व विकास को भी बुला लिया। तीनों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
अजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी शिकायत पर खरखौदा थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद