सोनीपत। युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए सेक्टर-12 स्थित सामुदायिक केंद्र में स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन की ओर से चल रहे ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का मंगलवार को समापन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालय व महाविद्यालय के 55 युवाओं को पुरस्कृत किया गया।
इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को सुविधाओं से वंचित लोगों का सहयोग करने, ऐसे परिवारों की दैनिक परेशानियों से अवगत कराया गया। फाउंडेशन की ओर से संचालित चार निशुल्क पाठशालाओं में युवाओं ने बच्चाें को प्रशिक्षण दिया। साथ ही उन्हें संस्कारवान बनने के लिए प्रेरित किया।
फाउंडेशन की ओर से युवाओं ने झुग्गी-झोपड़ियों में बच्चों व उनके परिवारों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। शिविरों के माध्यम से खेल, नृत्य, कला, योग, बिना आग के भोजन पकाना जैसी गतिविधियां करवाई गईं। टैलेंट शो के माध्यम से बच्चों को स्टेज पर बोलने जैसी गतिविधियों से उनका मनोबल बढ़ाया गया।
सेवा कार्यों में आगे आए युवा सौभाग्यशाली
संस्थापक नितिन जैन ने बताया कि स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन का उद्देश्य युवाओं को जोड़कर भविष्य के तैयार करना है। नि:स्वार्थ सेवा करना कोई सरल कार्य नहीं है। फाउंडेशन नशे के खिलाफ भी जागरूकता लाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में युवाओं का प्रयास सराहनीय रहा है। वह सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें 23 वर्ष की आयु से ही ऐसे कार्यों को करने का मौका मिला, लेकिन इन युवाओं को 14 से 17 वर्ष की आयु में ही सेवा कार्यों को करने का मौका मिला है। कार्यक्रम में हिया, गुंजन, वंशिका, हर्षिता, मनस्वी, रुचि को बेहतर कार्य करने पर इंटर्न ऑफ द मंथ सम्मान दिया गया। सभी प्रतिभागियों को सेवा प्रशस्तिपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अनूप बाला, शारदा रेलन, तान्या, अनन्या, चिराग, प्रेरणा, प्रियंका मौजूद रही।