सोनीपत। टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्णिम भाला फेंक विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले सुमित आंतिल के साथ ही अब गांव खेवड़ा की भी तकदीर पलटेगी। टोक्यो ओलंपिक मेें रवि दहिया व सुमित के पदक जीतने के बाद जिस तरह नाहरी व कुराड़ की सूरत बदली है, उसी तरह अब सुमित आंतिल के गांव खेवड़ा में सीएम मनोहर लाल अनेक घोषणाएं कर ग्रामीणों को सौगात देंगे।
वीरवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद रमेश कौशिक व राई विधायक मोहनलाल बड़ौली ने गांव खेवड़ा में 4 सितंबर को होने वाले अभिनंदन समारोह के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभिनंदन समारोह में सीएम मनोहर लाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जारी है। अभिनंदन समारोह में पहुंचने पर सीएम मनोहर लाल गांव के लिए अनेक घोषणाएं करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से सुमित को पहले ही 6 करोड़ रुपये दिए जाने की घोषणा की जा चुकी है।
सांसद रमेश कौशिक व विधायक मोहनलाल बड़ौली ने पुलिस अधीक्षक जश्नदीप रंधावा के साथ गांव खेवड़ा में पहुंचकर अभिनंदन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाएं बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। सांसद ने अधिकारियों के साथ सभास्थल, पार्किंग, सीएम के आगमन का रास्ता, पेयजल की व्यवस्था, महिलाओं-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, जजपा जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया, आजाद सिंह नेहरा, रविंद्र दिलावर, जसबीर दोदवा भी मौजूद रहे।
अब सीएम खुद खिलाड़ियों के पास आते हैं : सांसद
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि पहले खिलाड़ी सीएम के पास जाते थे, लेकिन अब सीएम खुद खिलाड़ियों के पास आते हैं। सीएम मनोहर लाल ने खिलाड़ियों को पूर्ण सम्मान देते हुए खुद उनके पास जाकर सम्मानित करने की अनूठी परंपरा प्रारंभ की है। विधायक एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि 4 सितंबर को दोपहर बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खेवड़ा के खेल स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में हिस्सा लेंगे। खेवड़ा गांव के तत्वावधान में यह आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने विधायक मोहन लाल बड़ौली के साथ सीएम मनोहर लाल के पास चंडीगढ़ पहुंचकर खेवड़ा में आने का न्योता दिया था। जिसे सीएम ने स्वीकार कर लिया था।
ग्रामीणों ने सीएम के सामने रखी हैं यह मांगें
- गांव में स्थित खेल स्टेडियम को बेहतर बनाया जाए।
- स्टेडियम में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण करवाया जाए।
- खेल स्टेडियम में वाटर कूलर की व्यवस्था करवाई जाए।
- स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनवाया जाए।
- स्टेडियम में कुश्ती के लिए हॉल व नेट की सुविधा प्रदान की जाए।
- स्टेडियम के अंदर ही स्टेज का निर्माण करवाया जाए।