सोनीपत। कोरोना के केस में लगातार कमी आ रही है। वीरवार को खरखौदा की रहने वाली 26 साल की युवती संक्रमित मिली है। कोरोना से तीन मरीज ठीक होने के साथ सक्रिय केस की संख्या घटकर 21 रह गई है। आरटीपीसीआर की संक्रमण दर 0.11 फीसदी रही।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि वीरवार को जिले में 747 टेस्ट किए गए। इसमें 710 आरटीपीसीआर और 37 रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रेपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट वीरवार को ही प्राप्त हो गई। इसमें कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। वहीं आरटीपीसीआर की पुरानी 901 रिपोर्ट भी वीरवार को प्राप्त की गई है। इसमें से एक युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इस टेस्ट की संक्रमण दर 0.11 फीसदी रही। सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।