संवाद न्यूज एजेंसी
राई। एचएसआईआईडीसी राई औद्योगिक क्षेत्र में बंद फैक्टरी से सामान चोरी हो गया। चोरी का पता उस समय चला जब कंपनी का एक कर्मचारी फैक्टरी का निरीक्षण करने पहुंचा। सूचना मिलने पर राई थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के प्रीतमपुर निवासी ऋषभ जैन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह एचएसआईआईडीसी राई स्थित प्लॉट नंबर-1836 में फैक्टरी चलाते थे। तीन महीने से फैक्टरी बंद है। इसका फायदा उठाते हुए चोर फैक्टरी से ट्रांसफार्मर, वायर सेट, दो टन क्षमता का एसी, छह से सात एचपी की मोटर, सर्वो मशीन तथा सीसीटीवी कैमरे चोरी कर ले गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब एक कर्मचारी फैक्टरी पहुंचा तो चोरी का पता चला। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। राई थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।