सोनीपत। नूंह में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हुए हमले के बाद दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में हुई हिंसक घटनाओं के चलते सोनीपत ने अलर्ट रहते हुए कई कदम उठाए हैं। पुलिस ने जिले में धारा 144 लगाने के बाद अब शुक्रवार को मस्जिदों या खुले स्थानों पर एक साथ नमाज अदा करने पर रोक लगाई है। पुलिस ने लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा है।
नूंह उपद्रव के बाद पुलिस ने सोमवार से ही सोनीपत में धारा-144 लगा दी थी। किसी भी कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुलिस की अनुमति लेना आवश्यक किया गया है। इसी कड़ी में अब शुक्रवार को मस्जिदों या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से होने वाली नमाज पर रोक लगा दी है। सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने ईदगाह में मोहम्मद इमरान इदवी से मुलाकात कर लोगों से घरों में नमाज अदा करने लिए कहा। इसके बाद उन्होंने लोगों से अपील की।
धर्म स्थलों की सुरक्षा की कड़ी
पुलिस ने धर्म विशेष के धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया हुआ है। वीरवार को एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करते हुए तैनाती बढ़ा दी है। ईदगाह, बहालगढ़ रोड स्थित खान कॉलोनी, गोहाना व खरखौदा समेत जिले में विशेष समुदाय के सभी धार्मिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
साम्प्रदायिक हिंसा को रोकने के लिए विश्राम गृह में शहर की मुख्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बैठक की। इसकी अध्यक्षता मानव अधिकार संरक्षण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयवीर गहलावत ने की। उन्होंने कहा हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। संघ के चेयरमैन संजय सिंगला ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया। जिला अध्यक्ष प्रवीण वर्मा ने भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सेफ इंडिया फाउंडेशन से सरदार मोहन सिंह मनोचा, जगबीर आंतिल, सुमित भारद्वाज, संजय वर्मा, सुशील गोयल, सौरभ सचदेवा, नकीन मेहरा , प्रेम रेलन, नीलम सांगवान, एस. कुमार जादूगर उपस्थित थे।
युवा हिंदू संगठन ने नमाज घरों में अदा करने की मांग की
खरखौदा में युवा हिंदू संगठन की ओर से पुलिस को मांगपत्र देकर धारा 144 का पालन करवाने की मांग करते हुए शहर की मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों को शुक्रवार को एकत्रित न होने देने की मांग की है। साथ ही कहा है कि अगर ऐसा होता है तो संगठन की तरफ से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना था कि किसी मुद्दे पर संगठन के सदस्यों को एकत्रित करना था, लेकिन इस बैठक को मंजूरी नहीं दी गई। ऐसे में वह चाहते हैं कि धारा 144 के तहत किसी अन्य को भी एकत्रित न होने दिया जाए।
गोहाना में निकला फ्लैग मार्च
गोहाना में पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर रखा है। डीसीपी भारती डबास के नेतृत्व में वीरवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। शहर में फ्लैग मार्च सोनीपत रोड, फव्वारा चौक, समता चौक, छोटू राम चौक, सिविल रोड, महम रोड, रोहतक रोड, बरोदा रोड व जींद रोड आदि से निकाला गया।
रसोई मस्जिद में नहीं होगी नमाज
जीटी रोड पर रसोई स्थित मदीना मस्जिद में नमाज अदा नहीं होगी। इमाम कारी नसीम कासमी ने लोगों से अपील की कि धारा 144 लागू होने के चलते वह अपने घरों में ही नमाज अदा करें।
धारा 144 का कोई उल्लंघन न करें। छत के नीचे ही नमाज अदा करें। समुदाय के सभी नागरिक शांति व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें। मोहम्मद इमरान इदवी, प्रिंसिपल, मदरसा
शांति बनाए रखने में सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से सहयोग मांगा गया है। सभी धर्म के लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि वह किसी भी सूरत में शांति भंग न होने दें। जिले में पहले ही धारा-144 लगा दी गई है तो इसी कड़ी में खुले में जुमे की सामूहिक नमाज पर रोक रहेगी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी इसमें सहयोग का वादा किया है।
राहुल देव, एसीपी, सोनीपत
खरखौदा थाना में मांगपत्र देने पहुंचे युवा हिंदू संगठन खरखौदा के सदस्य। संगठन