सोनीपत। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश व भूस्खलन के चलते लगातार तीसरे दिन भी ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। बारिश के कारण पंजाब व जम्मू में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों व भूस्खलन के कारण उत्तर रेलवे मंडल की ओर से लंबी दूरी पर चलने वाली कुल 47 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। वहीं, कई एक्सप्रेस ट्रेनों का बीच मार्ग के रेलवे स्टेशनों तक परिचालन किया जा रहा है। ऐसे में सोनीपत से पहले बुक कराई गई टिकटों को रोजाना करीब 35 यात्री रद्द करवा रहे हैं।
बारिश के प्रभाव का असर दिल्ली-अंबाला रूट पर भी पड़ रहा है। सोनीपत स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई अहम ट्रेनें तीसरे दिन भी रद्द रहीं। इनमें जम्मूतवी एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, जम्मू मेल, मालवा एक्सप्रेस, पानीपत-दिल्ली रूट पर चलने वाली सवारी गाड़ी रद्द रही।
इनके अलावा नेताजी एक्सप्रेस 1 घंटा, आम्रपाली एक्सप्रेस 3:30 घंटे, अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से सोनीपत पहुंची। ऐसे में सोनीपत से पंजाब व जम्मू की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को अपनी टिकट रद्द करवानी पड़ रही है।
दैनिक यात्रियों की भी बढ़ी परेशानी
सोनीपत स्टेशन से रोजाना करीब 40 हजार यात्री दिल्ली व अंबाला रूट पर आवागमन करते हैं। ऐसे में कई एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद्द होने से यात्रियों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। दैनिक यात्रियों में नौकरीपेशा व विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है। इन्हें निजी वाहनों का सहारा लेकर आवागमन में दुगुना खर्च वहन करना पड़ रहा है।
आज इन ट्रेनाें का परिचालन रहेगा रद्द
जम्मूतवी स्पेशल एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, जम्मू मेल एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस का अमृतसर तक होगा परिचालन, टाटा नगर एक्सप्रेस का अमृतसर से किया जाएगा परिचालन
यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। लगातार चल रही बारिश व भूस्खलन के कारण फिलहाल ट्रैक पर हालात सामान्य नहीं हैं। ऐसे में रेल सेवाओं को फिलहाल सीमित किया गया है। जैसे ही ट्रैक दुरुस्त व मौसम में सुधार होगा ट्रेनों का परिचालन पूर्ण रूप से बहाल कर दिया जाएगा। -हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।