गन्नौर। हलके के विकास को गति देने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने गांव खुबड़ू में 1 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया।
विधायक ने बताया कि गांव खुबड़ू में करीब 92 लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी कम योग एवं ध्यानकेंद्र का निर्माण करवाया जाएगा। इस केंद्र के बनने से गांव के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतरीन माहौल मिलेगा।
विज्ञापन
इसके अलावा गांव में पीडब्ल्यूडी मुख्य रोड से लेकर बलराज के घर तक की जर्जर फिरनी को करीब 20 लाख रुपये की लागत से नए सिरे से पक्का कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि गन्नौर हलके के हर गांव का चहुंमुखी विकास करवाना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों से भी अवगत कराया। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर मौके पर अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए।