सोनीपत में चुनावी बिसात बिछाने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार सुबह खरखौदा हलके में पहुंचे और लोगों से जयवीर वाल्मीकि पक्ष में मतदान करने की अपील की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दौरे के तहत खरखौदा हलके के गांव सैदपुर, फरमाणा व राठधना गांवों में जनसभाएं की। इसके उपरांत गोहाना व बरोदा के विभिन्न गांवों में जनसभा कर कार्यकर्ताओं व लोगाें में जोश करने का काम करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गांव सैदपुर में रोड शो के दौरान कहा कि वह पूरे हरियाणा में घूम चुके हैं, 36 बिरादरी इस समय कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। आप लोगों ने वर्ष 2005 से 2014 तक की कांग्रेस सरकार देखी और 2014 से 2024 तक भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार को भी देख लिया है। कांग्रेस राज में प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय, रोजगार, विकास व कानून व्यवस्था में हरियाणा को पूरे देश में नंबर वन बना दिया था, लेकिन आज बेरोजागार, अपराध, कानून व्यवस्था का जनाजा निकालने, खिलाड़ियों व किसानों के शोषण में प्रदेश नंबर वन बन चुका है। उनके साथ निवर्तमान विधायक जयवीर सिंह व अन्य कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश का भट्ठा बैठा दिया है, कांग्रेस सत्ता में आती है तो फिर से खुशहाली लाने का प्रयास किया जाएगा। आमजन को 500 रुपये में सिलिंडर, दो लाख नौकरी, छह हजार बुढ़ापा पेंशन, 300 यूनिट निशुल्क बिजली मुहैया करवाई जाएगी। कांग्रेस ने खरखौदा में आईएमटी बनवाई, लेकिन भाजपा सरकार ने 10 साल में एक ईंट भी लगाने का काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि वह आपसे यह बात कहने आए हैं कि जयवीर मेरे साथ खड़े है। आप लोग मुझे पहले यह बताओ कि खरखौदा में किसकी सरकार बनाना चाहते हो, तभी कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एक कम करो कि जयवीर को फिर विधायक बना दो और सरकार आपकी मैं बनाकर दिखा दूंगा। जिस पगड़ी को आपने मेरे सिर पर बांधा है, वह उसका हमेशा मान रखेंगे। रोड शो के दौरान सैदपुर के सरपंच विनोद ने अपने समर्थकों सहित भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस का हाथ थामा।
हुड्डा जहां खड़ा करेंगे, वहीं खड़ा रहूंगा: जयवीर सिंह
सैदपुर में रोड शो के दौरान जयवीर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा अमीरों की पार्टी है, जो जोड़-तोड़ में विश्वास रखती है, लेकिन जयवीर वाल्मीकि एक ऐसे विधायक है, जो किसी भी हालत में झुक और बिक नहीं सकते। उन्होंने कहा कि वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। हुड्डा उन्हें एक कांग्रेस सिपाही के रूप में जहां भी खड़ा करेंगे, वह वहीं खड़े रहेंगे। फिर चाहे वह मुझे धूप या छांव में खड़ा करें। हमारा सिर्फ एक ही ध्येय है कि हमें एकजुटता के साथ सिर्फ भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनानी है।