गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में साढ़े पांच साल पहले हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के घोटाले में सदर थाना गोहाना पुलिस ने आरोपी तत्कालीन लिपिक सीमा मलिक को गिरफ्तार किया है। उस पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ मिलकर दुकानों के किराये, बिजली के बिलों और फीस की रसीदों की आड़ में धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के उप निरीक्षक कर्मबीर की शिकायत पर महिला थाना खानपुर कलां में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में हुए भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज हुआ था। उड़नदस्ते की जांच में विश्वविद्यालय में हुए घोटाले में तत्कालीन रजिस्ट्रार ऋतु बजाज, लेखा अधिकारी राजेश मनोचा, लिपिक सीमा मलिक, पूर्व लेखा अधिकारी राजेश वर्मा, अकाउंट अधिकारी वेदप्रकाश दुआ और डाटा एंट्री आपरेटर अजय मालिक की भूमिका संदिग्ध मिली थी। इस मामले की जांच अब सदर थाना के प्रभारी निरीक्षक कर्मजीत कर रहे हैं। कर्मजीत ने पुलिस टीम के साथ आरोपी सीमा मलिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।