जहरीली शराब सप्लाई करने के मामले का आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : Sonipat
गुमड़ गांव में जहरीली शराब बेचकर कई लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने के आरोपी ठेकेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गुमड़ गांव का रहने वाला धर्मराज उर्फ धर्मा है। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम था।
सिटी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव गुमड़ निवासी नवीन ने शिकायत दी थी कि 4 नवंबर 2020 को वह अपने ताऊ के लड़के रामनारायण के साथ खेत में काम कर रहा था। इस दौरान उन्होंने गांव के राजबीर से देसी संतरा शराब मंगवाई थी। राजबीर ने गांव के धर्मराज उर्फ धर्मा के ठेके से शराब लाकर उन्हें दी थी। आरोप है कि शराब पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे खानपुर मेडिकल में दाखिल करवा दिया गया था। पुलिस ने नवीन की शिकायत पर शराब की सप्लाई करने वाले राजबीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। राजबीर ने कुबूल किया था वह शराब को गांव के धर्मराज उर्फ धर्मा के ठेके से खरीद कर लिया था। इस पर पुलिस ने आरोपी धर्मराज उर्फ धर्मा के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन धर्मराज तभी से फरार चल रहा था। जिससे उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था। अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान धर्मराज से उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने जहरीली शराब बेचने के मामले में संलिप्त आरोपी अजीत उर्फ जीता निवासी गांव सिटावली, मुकेश उर्फ विक्की निवासी सैदपुर, नरेश उर्फ नेशी, मंदीप उर्फ सेठा निवासी नैना ततारपुर, कुलदीप निवासी गांजबड़, पानीपत, मोहित उर्फ मोती निवासी बिहौली व संदीप उर्फ मामा निवासी बिलासपुर, पानीपत को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।