गन्नौर। गांव अगवानपुर में वीरवार देर रात शादी समारोह में कार सवार हमलावरों ने दूल्हे के चचेरे भाई और भांजे को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वहीं, घायलों के बयान पर सिटी चौकी पुलिस ने पांच नामजद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव अगवानपुर निवासी विजय ने पुलिस को बताया कि वीरवार रात को वह अपने चचेरे भाई सिमरन की घुड़चड़ी कार्यक्रम में था। उसके अलावा परिवार के सभी सदस्य व सगे-संबंधी भी मौजूद थे। उसी समय गांव का ही अश्वनी, राहुल, रब्बू, अभिषेक व गोहाना निवासी सन्नी और अन्य कार में सवार होकर आए। उन्होंने आते ही उस पर व उसके भांजे दिल्ली आदर्श नगर निवासी शिवा पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। विजय का आरोप है कि उसका गांव के अश्वनी से पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसकी रंजिश रखते हुए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद परिजनों ने विजय व शिवा को घायल अवस्था में बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से शिवा को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। इसकी सूचना पर डीएसपी जोगेंद्र राठी व गन्नौर थाना प्रभारी धीरज कुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
वर्जन
पुलिस ने गांव अगवानपुर निवासी अश्वनी, राहुल, रब्बू, अभिषेक व गोहाना निवासी सन्नी व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अश्वनी, राहुल व गोहाना निवासी सन्नी पर पहले भी लूटपाट व मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। जल्द ही आरोपियों को तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर धीरज कुमार, गन्नौर थाना प्रभारी।