शराब व्यापारी गांव नैना ततारपुर निवासी संजीत की गोली मार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अमित उर्फ मीता रोहतक के घिलौड़ का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।
गांव नैना तातारपुर निवासी संजीत (35) शराब का कारोबार करता था। उसकी पुरखास जोन के शराब ठेके में साझेदारी थी। संजीत के चचेरे भाई व उसके साझेदार विनोद ने 7 सितंबर, 2019 में शहर थाना पुलिस को बताया था कि वे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से गांव लौट रहे थे। गाड़ी को संजीत चला रहा था और वह साथ में बैठा था। गाड़ी में उनके तीन अन्य साथी थे। गोहाना बाईपास पर संजीत गाड़ी रोककर रेहड़ी पर फल लेने के लिए गया था। तभी 6-7 हमलावरों ने उसके भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। वारदता को अंजाम दे आरोपी भाग गए थे। उसके भाई को आठ गोली लगी थी। विनोद व अन्य साथी संजीत को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। विनोद ने बताया कि गोली मारने वाले पुरखास गुलिया के अमित व डबरपुर के सुरेंद्र उर्फ काला को उसने पहचान लिया था। अन्य को सामने आने पर पहचान लेगा। पुलिस ने विनोद के बयान पर 10 आरोपियों के खिलाफ हत्या व षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज किया था। चार आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके है। जबकि अमित उर्फ मीता को अब गिरफ्तार किया है।