शहर की सेक्टर-23 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराना दुकानदार ने कर्जदारों से तंग आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दुकानदार के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने कर्जदारों पर ब्याज पर ब्याज लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दुकानदार के बेटे के बयान पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेक्टर-23 निवासी हिमांशु ने सिटी थाने की सेक्टर-23 चौकी पुलिस को बताया कि उसके पिता सुशील कुमार किराना दुकानदार थे। मंगलवार सुबह जब वह उठा तो उसका पिता उल्टी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उसने कुछ खा लिया है। इस पर परिजन उन्हें लेकर सामान्य अस्पताल पहुंचे। वहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल में उनकी जेब से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने रोहित, प्रवीन कुमार और विक्की को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। उन्होंने लिखा है कि प्रवीण ने दो लाख रुपये उधार देकर उसके चेक ले लिए थे। उसको 1.20 लाख का भुगतान हो चुका है, उसके बावजूद दो लाख रुपये के चेक को बैंक में लगा दिया। वहीं प्रवीन से एक लाख रुपये लिए थे। 47 हजार रुपये लेने के बावजूद वह पैसे वापसी का दबाव बना रहा था। विक्की से एक लाख रुपये लिए थे। उसको 65 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका। अब वह ब्याज पर ब्याज लगाता रहता है। उसके पिता ने तीनों से तंग आकर जहर खाकर जान दी है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।