सोनीपत। किसानों के आंदोलन के चलते रेलवे यातायात मंगलवार को लगातार 28वें दिन भी बाधित रहा। अंबाला में किसानों के रेलवे ट्रैक पर बैठने के कारण सोनीपत जंक्शन पर रुककर चलने वाली अप व डाउन ट्रैक की नौ ट्रेनें रद्द रहीं जबकि 10 ट्रेनों का परिचालन दूसरे मार्ग से किया जा रहा है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
सोनीपत जंक्शन से प्रतिदिन करीब 40 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालक बाधित होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि सुबह चलने वाली सवारी गाड़ियों में यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। भीड़ इतनी अधिक रहती है कि कई बार खड़े होने तक की जगह नहीं मिल पाती। काम पर जाने की जल्दी में दैनिक यात्रियों को ट्रेनों के गेट पर खड़े होकर सफर करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।
यह ट्रेनें रहीं प्रभावित : अप लाइन पर गाड़ी संख्या 14507 फाजिल्का एक्सप्रेस, 12459 नई दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 12497 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस, 14033 जम्मू मेल के अलावा डाउन लाइन पर 14034 जम्मू मेल, 14508 बठिंडा फाजिल्का एक्सप्रेस, 12460 अमृतसर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, 22430 दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस व 12498 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहीं। जबकि गाड़ी संख्या 14053/54 हिमाचल एक्सप्रेस, 11077/78 झेलम एक्सप्रेस, 15707/08 आम्रपाली एक्सप्रेस, 11057/58 दादर एक्सप्रेस, 12919/20 मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का परिचालन दूसरे मार्ग से किया गया।
वर्जन
अंबाला में रेलवे ट्रैक जाम होने के कारण रेलवे यातायात बाधित है। यही कारण है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में कुछ को रद्द किया गया है तो कुछ के मार्ग बदले हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। -दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।