खरखौदा। गांव सेहरी निवासी किसान ने उनके खेत पर अवैध रूप से कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने किसान की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसान शमशेर का कहना है कि उन्होंने खांडा मार्ग पर वर्ष 2018 में राजकुमार से आधा एकड़ जमीन खरीदी थी। जमीन पर इससे पहले कोर्ट में केस चला हुआ था। राजकुमार के पक्ष में फैसला आने पर उन्होंने कोर्ट के फैसले को उन्हें दिखाया था। इसके बाद ही उन्होंने जमीन खरीदी थी। अब उन्होंने उक्त जमीन पर अपने घर का मलबा भी डाला हुआ था, लेकिन सड़क से गुजरते हुए उसने देखा कि कोई उसकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की नियत से निर्माण कर रहा है। पुलिस को शिकायत करने पर आरोपी भाग गए, लेकिन वह बार-बार आकर उसकी जमीन पर अवैध कब्जा जमा रहे हैं। रोकने पर जान से मार देने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।