बस के जरिए हरियाणा से पंजाब और उत्तर प्रदेश जाना अब महंगा हो गया है, क्योंकि रोडवेज ने प्रति किमी किराए में बढ़ोतरी कर दी है। ऐसे में अब यात्रियों को रोडवेज बसों में सफर करने के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। उत्तर प्रदेश में 10 पैसे प्रति किमी तो पंजाब में 2 पैसे प्रति किमी किराया बढ़ाकर लागू कर दिया है, जिससे यात्रियों को लिए 5 से 10 रुपये तक अतिरिक्त किराया वसूला जाएगा।
इस तरह हरियाणा रोडवेज की बसों में पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को ज्यादा किराया देना होगा। सोनीपत से मथुरा, आगरा, बृजघाट, हरिद्वार, जालंधर, मेरठ, कटरा, चंडीगढ़ सहित अन्य जगहों पर रोडवेज बस से जाने के लिए यात्रियों को अतिरिक्त भुगताना करना होगा। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि सोनीपत रोडवेज बस से आगरा जाने के लिए पहले 240 रुपये प्रति यात्री किराया लगता था। अब यात्री को आगरा तक जाने के लिए 250 रुपये चुकाने होंगे।
मथुरा जाने के लिए 190 रुपये की जगह यात्री को 200 रुपये देने पड़ेंगे। हरिद्वार और चंडीगढ़ जाने के लिए यात्री को 220 रुपये की जगह 230 रुपये देने पड़ेंगे। इसके अलावा दिल्ली से कटरा तक पहले यात्रियों को 720 रुपये चुकाने पड़ते थे और अब 730 रुपये देने पड़ेंगे। वहीं जालंधर जाने के लिए 405 की जगह 410 रुपये देने होंगे। इसके अतिरिक्त सोनीपत से बृजघाट जाने के लिए 130 रुपये की बजाय 135 रुपये देने होंगे। मेरठ जाने के लिए 80 रुपये की बजाय 85 रुपये देने होंगे।
उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत पांच राज्यों में जाने वाली रोडवेज बसों के किराये में बढ़ोतरी कर दी गई है। अब यहां से दूसरे राज्यों में रोडवेज बसों से जाने वाली यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूला जाएगा। जिसे शनिवार से ही लागू कर दिया गया है।
- राहुल जैन, जीएम, सोनीपत डिपो रोडवेज