गोहाना। पुराना बस स्टैंड के समीप शहर थाना पुलिस ने नकली घी की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 28 पेटियां जब्त की हैं। तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एफएसओ की निगरानी में की गई।
थाना शहर में नियुक्त एएसआई संदीप ने बताया कि सूचना मिली थी कि जींद रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज से एक व्यक्ति ऑटो में नकली घी लेकर पुराने बस स्टैंड की ओर आने वाला है। पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद रेलवे ओवरब्रिज की तरफ से आया एक ऑटो रोक लिया गया।
ऑटो चालक जींद के गांव बीबीपुर निवासी जसबीर को पकड़कर पुलिस ने जांच की तो वाहन से विभिन्न ब्रांडों के घी से भरी पेटियां बरामद की गईं। मौके पर बुलाए गए एफएसओ डॉ. बीरेंद्र ने घी की जांच की, जिसमें यह नकली पाया गया।
पुलिस ने राजधानी फ्रेश देशी घी, राधा कृष्ण शुद्ध घी और हरियाणा उत्सव शुद्ध घी के नाम से तैयार नकली घी की 28 पेटियां जब्त कर आरोपी जसबीर को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।