फोटो 01: सोनीपत में मुरथल रोड स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर उनकी प्रतिमा पर नमन करते कांग्रेस के
सोनीपत। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने महाराजा अग्रसेन जयंती पर मुरथल रोड स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर पहुंचकर उनको पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। बताया कि उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं, जिनका अनुसरण कर समाज व राष्ट्र को उन्नति के पथ पर तीव्रता से बढ़ाया जा सकता है।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों व शिक्षाओं के अनुसरण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन राष्ट्र की मजबूती व समाजवाद के सिद्धांत को प्राथमिकता देने वाले थे, जिन्होंने एक ईंट व एक मुद्रा का संदेश देकर जरूरतमंदों को ऊंचा उठाने की दिशा में कदम बढ़ाए। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के आदर्श जीवन के प्रेरक प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन कर्म योगी और युग पुरुष थे जिन्होंने समाजवाद का संदेश दिया।
पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज में व्याप्त संकीर्णताओं व सामाजिक बुराइयों को भी दूर करने में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने हर प्रकार के भेदभाव को दूर करने का प्रयास किया और उन्होंने एक ईंट-एक रुपया का संदेश दिया, जिसका लोगों ने बढ़-चढ़कर पालन किया। ईंटों की सहायता से गरीब लोगों को घर मिला और रुपया से व्यापार शुरू करने में मदद मिली। इस दौरान पूर्व एचपीएससी सदस्य सुरेंद्र शर्मा, प्रेम नारायण गुप्ता, पवन गर्ग, प्रदीप गोयल, राजू गोयल, विपिन गुप्ता, अनुज गुप्ता, नरेश अरोड़ा, जयवीर आंतिल, प्रवीन कुमार, मनीष सैनी, राकेश सौदा, प्रेम रेलन भी मौजूद रहे।