गन्नौर। खुद को पुलिसकर्मी बता कर एक व्यक्ति ने फिलिंग स्टेशन कारिंदे से 1.20 लाख रुपये ठग लिए। बाद में जब पीड़ित को पता लगा कि आरोपी पुलिसकर्मी नहीं है तो उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे। जिस पर आरोपी ने उन्हें धमकी दे डाली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव चिरस्मी निवासी जसबीर ने पुलिस को बताया कि वह एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हैं। पेट्रोल पंप पर गांव कासंडी निवासी सत्यनारायण उर्फ सत्यवान पुलिस की वर्दी में आया था। उसने अपना पुलिस का पहचान पत्र भी दिखाया था। साथ ही उन्हें कहा था कि पुलिस की तरफ से जब्त ट्रैक्टर सस्ते दाम में दिलवा सकते हैं। पीड़ित उनकी बातों में आ गया। इसके बाद उन्होंने अपने परिचित दीपक के गूगल-पे पर 1 लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ रुपये उन्होंने दूसरे के खाते से भी ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने ट्रैक्टर नहीं दिलवाया। जब उन्होंने अपने रुपये मांगे तो आरोपी उन्हें धमकी देने लगा। जब उन्होंने अपने स्तर पर पता किया तो जानकारी मिली कि सत्यनारायण पुलिस में नौकरी नहीं करता है। अब रुपये मांगने पर वह उन्हें धमकी दे रहा है। पुलिस ने जसबीर की शिकायत पर आरोपी सत्यनारायण के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।