सोनीपत। लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने और इसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए स्वीप अभियान के तहत रविवार को वॉकथॉन का आयोजन किया गया। अमर उजाला और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित वॉकथॉन के मुख्य अतिथि जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार और विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी रहीं। उपायुक्त ने युवाओं व शहर के नागरिकों को कहा कि आपका डाला गया प्रत्येक वोट बेहतर कल के लिए आशा की नई किरण है। सभी मतदाता 25 मई को बूथों पर पहुंचकर मतदान करें।
लघु सचिवालय में आयोजित वॉकथाॅन कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि मतदान मौलिक अधिकार होने के साथ हमारे लोकतंत्र के स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। जो लोग यह सोचते हैं कि उनका एक वोट कोई मायने नहीं रखता, उन्हें यह एहसास नहीं है कि निष्पक्ष और सटीक जनप्रतिनिधि का चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। सभी नागरिकों को 25 मई को मतदान के दिन लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने सभी को निष्पक्ष होकर मतदान करने की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें करीब 20 सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं व खेल अकादमियों के लगभग 450 युवाओं व नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अंकिता चौधरी, अंतरराष्ट्रीय पहलवान चिराग, बिपाशा, रचना, संध्या, रौनक व रिया भी साथ रहे। वॉकथॉन में हिस्सा लेने वाले युवाओं ने स्लोगन, फ्लैक्स, पट्टिकाएं, पोस्टर व बैनर के माध्यम से शहरवासियों को 25 मई को सौ फीसदी मतदान करने के लिए प्रेरित किया। वॉकथॉन लघु सचिवालय से शुरू होकर छोटूराम चौक से होते हुए वापस लघु सचिवालय पहुंचकर संपन्न हुई। मंच संचालन प्रोफेसर सुभाष सिसोदिया ने किया। इस दौरान बनाई गई सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेने वालों का क्रेज बना रहा।
इस मौके पर जिला खेल अधिकारी देवेंद्र दहिया, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव गौरव रामकरण, हिंदी के प्रवक्ता दिलबाग सिंह, सतपाल अहलावत, अंग्रेजी के प्रवक्ता पूर्ण सिंह, मानव अधिकार संरक्षण संघ के अध्यक्ष जयवीर गहलावत, जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला, युद्धविंद्र महला, संत कबीरदास समाज उत्थान सेवा समिति के प्रधान श्यामलाल दीवान, महासचिव और रेडियो एवं टीवी कलाकार सूरज कुमार, दीपक मंथन, ट्रीमैन देवेंद्र सूरा, साइकिल मैन अरुण मित्तल, संजय श्योराण, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र पंवार, अधिवक्ता आशीष वत्स, अधिवक्ता अमित कौशिक, मंजीत खत्री, संजीत छिक्कारा, कुलबीर सिंह, अजय मलिक, जगत सिंह, भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।
नुक्कड़ नाटक से समझाया मतदान का महत्व
स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन संस्था के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देकर युवाओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। मीनू अग्रवाल के नेतृत्व में करवाए गए नाटक के माध्यम से बच्चों ने लोगों को उनके वोट का महत्व समझाते हुए मतदान करने का संदेश दिया। बच्चों ने बताया कि किसी के बहकावे या अन्य लालच में आकर अपने मत का दुरुपयोग ना करें। इसमें नेहा, फरमान, जोया व अन्य बच्चे शामिल रहे।
इन संस्थाओं का रहा सहयोग
-स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन
-सेफ इंडिया फाउंडेशन
-जिला व्यापार मंडल
-मानव अधिकार संरक्षण संघ
-सारथी जनसेवा चैरिटेबल ट्रस्ट
-मंथन आर्ट ग्रुप
-संत कबीरदास समाज उत्थान सेवा समिति
-पर्यावरण मित्र मंडली
-आर्य कन्या स्कूल एसोसिएशन, मोहाना
-अपना जंक्शन फाउंडेशन
-समाज कल्याण शिक्षा समिति
-रेडक्रॉस सोसाइटी
-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका
-एनसीसी कैडेट
-कुलदीप मलिक स्पोर्ट्स अकादमी, बड़वासनी
-युद्धवीर अखाड़ा, ककराई रोड
-चौधरी खजान सिंह व्यायामशाला, जुआं
-खत्री स्पोर्ट्स अकादमी
-सुभाष स्टेडियम खो-खो नर्सरी
-हॉकी अकादमी, सुभाष स्टेडियम
मतदान करना सभी का कर्तव्य
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में मतदान का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। हमारा वोट देश का भविष्य तय करता है। देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि मतदान में हिस्सा लेकर अपने मत से देश को ईमानदार और मजबूत सरकार दें। आप किसी को भी वोट दें, मगर मतदान अवश्य करें। हर एक नागरिक जब मतदान के महत्व को समझकर वोट देता है, तब देश को ईमानदार और काम करने वाला प्रतिनिधि मिलता है।-सतपाल सिंह अहलावत, संस्थापक-चेयरमैन, सारथी ट्रस्ट रज़ि, सोनीपत
देश की उन्नति के लिए मतदान जरूरी
दो बार चुनाव लड़ा, दोनों बार साफ नीयत, बगैर अदल-बदल, बिना प्रलोभन, नाम मात्र के खर्च के महान मतदाताओं के कारण जीत हासिल की। पिछली बार तो पंचायत समिति चुनाव में सिर्फ उपस्थित दर्ज करवाने ही गया था। आभास नहीं था कि मैं जीत रहा हूं। मतदान के कारण ही आर्य स्कूल एजूकेशन एसोसिएशन मोहाना में खजांची हूं। सभी को देश की उन्नति के लिए समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर मत का प्रयोग करना है।-युद्धविंद्र सिंह, प्रगतिशील किसान मोहाना एवं जागरूक मतदाता
सोनीपत के लघु सचिवालय में अमर उजाला के वॉकथॉन कार्यक्रम में सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेते मंजीत