सोनीपत। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को वीसी के माध्यम से संबंधित उपायुक्तों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पराली जलाने की घटनाओं को पूर्ण रूप से खत्म करने को लेकर कार्य योजना की समीक्षा की गई व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्टबल बर्निंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए व नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेतों में मौके पर जाकर नियमित निरीक्षण करें, शिकायतों एवं घटनाओं की तुरंत जांच करें व दोषी पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि रबी सीजन 2026 के दौरान जिले में पराली जलाने के 221 मामले संज्ञान में आए हैं। जिन पर विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।