बदमाश को अस्पताल ले जाती पुलिस
- फोटो : संवाद
सोनीपत एसटीएफ और सीआईए गोहाना पुलिस ने शनिवार तड़के उद्योगपति अपहरण मामले में दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपी गांव निजामपुर निवासी कपिल और दीपक हैं।
पुलिस के अनुसार कपिल ने गोहाना के उद्योगपति नीटू दांगी के अपहरण की साजिश रची थी। यह वारदात 16 सितंबर को उस समय हुई जब वह जींद रोड स्थित अपने कारखाने में जा रहे थे। रास्ते में दो गाड़ियों में आए आरोपियों ने उनका अपहरण कर लिया था और खेतों में बने एक कमरे में बंधक बना लिया था। मामले में दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बाद में सौदा 50 लाख रुपये में तय हुआ। इस दौरान आरोपी उद्योगपति की कार से एक लाख रुपये निकालकर उन्हें छोड़कर भाग गए थे।
पुलिस नाके पर भिड़े बदमाश
शनिवार तडक़े पुलिस टीम खरखौदा रोड पर गांव सिकंदरपुर माजरा के पास नाका लगाए हुए थी। इसी दौरान दोनों आरोपी कार में वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही उन्होंने गांव बड़ौता की ओर भागने की कोशिश की। बाद में वह नीचे उतर कर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर काबू कर लिए गए।
पहले पकड़े जा चुके हैं पांच आरोपी
उद्योगपति अपहरण मामले में पुलिस इससे पहले भी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब कपिल और दीपक की गिरफ्तारी से पुलिस को पूरे गिरोह की कडिय़ों को जोडऩे में बड़ी मदद मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि इनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य साथियों और उनकी गतिविधियों के बारे में अहम सुराग मिलने की संभावना है। आरोपी दीपक व कपिल की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम था। दोनों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।