सोनीपत। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें एक हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ युवाओं ने सीधा संवाद स्थापित करते हुए अपने कौशल व ज्ञान का प्रदर्शन किया। कंपनी प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के आधार पर 746 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया और मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कोर्स पूरा होने से पहले ही नौकरियां मिलने से विद्यार्थी उत्साहित दिखे और खुशी से झूमते नजर आए।
सहायक शिक्षुता सलाहकार एवं प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने बताया कि सोनीपत आईटीआई में सोमवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक मोहनलाल बड़ौली के भाई माईराम कौशिक ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, आजाद सिंह नेहरा, राई औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश छाबड़ा व कुंडली औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज चौधरी पहुंचे। रोजगार मेले में 45 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें मेन्युफैक्चरिंग, आईटी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल व अन्य विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे। रोजगार मेले में भाग लेने वाले एक हजार से अधिक युवाओं में से अधिकतर को अप्रेंटिसशिप व प्लेसमेंट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। कुछ विद्यार्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
विद्यार्थियों ने कंपनी प्रतिनिधियों को किया प्रभावित : संजय श्योराण
मेजर संजय श्योराण, एनसीसी एवं प्लेसमेंट अधिकारी मेजर संजय श्योराण ने कहा कि यह मेला विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने अपनी योग्यता और कौशल का परिचय देते हुए कई कंपनियों को प्रभावित किया है। अतिथियों ने विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं के प्लेसमेंट के लिए सरकारी आईटीआई, सोनीपत के प्रयासों की सराहना की।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक मोहनलाल बड़ौली के भाई माईराम कौशिक ने कहा कि प्रत्येक युवा को रोजगार केंद्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं में कौशल को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की शुरूआत की है। जिससे युवाओं में कौशल विकसित हो और अच्छी कंपनियों में रोजगार मिल सके। इस दौरान माईराम कौशिक व भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोण करते हुए युवाओं को पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान सुरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, मुकेश नेहरा, सुनील दत्त, दीपक कुमार, सीमा, सुनील मलिक, रामकुमार, हरेंद्र जावा, अक्षय कुमार, ज्योति रानी, कीर्ति, मीनू, मीना, पुष्पा, मनीता, सुजाता, विजेंद्र, परमजीत, कुलदीप गहलोत, मनीष पटेल, हरदीप सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।