राई। गांव बारोटा के पास फोर-व्हीलर चालक से 40 हजार रुपये लूट के मामले में क्राइम यूनिट कुंडली की टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गोहाना निवासी अजय, सोमबीर, साहिल व जतिन तथा गांव रभड़ा निवासी कृष्ण व आशु के रूप में हुई। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
हिसार के गांव खांडा खेड़ी निवासी सूरजमल ने 2 जुलाई को कुंडली थाना पुलिस को बताया था कि वह हिसार की श्याम विहार कॉलोनी निवासी संदीप की इंट्रावी-20 गाड़ी चलाते हैं। वह रात को गाड़ी लेकर बारोटा फैक्टरी में में ब्रेड लेने आए थे। उनके साथ सहायक खेड़ी पाबड़ा निवासी सूबे सिंह भी थे। जब वह आधी रात को बारोटा ब्रेड फैक्टरी के पास कच्चे रास्ते पर पहुंचे थे तो कार सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया था। उन्होंने उनकी गाड़ी पर डंडों से हमला कर दिया था। उन्हें व उनके हेल्पर को नीचे उतारकर वह गाड़ी के डेस्क बोर्ड में रखे 40 हजार रुपये लूट ले गए थे। बदमाशों ने उनका मोबाइल व गाड़ी का आगे का शीशा भी तोड़ दिया था। पीडि़त ने कुंडली थाना की बारोटा चौकी में लूट व नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया था।