गोहाना। नगर परिषद ने खाली प्लॉटों का सर्वे कराने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। कर्मचारी शहर की विभिन्न कॉलोनियों में खाली पड़े प्लाटों को चिह्नित करेंगे और इसकी रिपोर्ट नगर परिषद को देंगे, ताकि बारिश के सीजन में खाली पड़े प्लाॅटों में बारिश का पानी जमा न हो। नगर परिषद की तरफ से प्लाॅटों से पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी। जिन प्लाॅटों में बारिश के पानी की निकासी नहीं होगी, उन प्लॉटों में दवा का छिड़काव किया जाएगा।
बारिश के सीजन में बीमारियों का खतरा सबसे अधिक रहता है। बारिश सीजन में पानी जमा होने से मच्छर पैदा हो जाते हैं और लोग बीमार होते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद के पास पत्र लिखकर शहर में खाली प्लाॅटों में पानी निकासी की व्यवस्था करने व दवाई का छिड़काव करने की मांग की है। अब नप ने खाली प्लाॅटों का डाटा एकत्रित करना शुरू किया है, ताकि बारिश के दौरान प्लाॅटों में जलभराव होने पर दवा का छिड़काव किया जा सके। नप के अधिकारियों के अनुसार शहर में 23 वार्ड हैं। हर वार्ड में वार्ड पार्षद की मदद लेकर साफ-सफाई व खाली प्लाॅटों से गंदगी उठाई जा रही है, जिससे बारिश के दौरान मच्छर ना पनप सकें।
वर्जन
शहर में खाली प्लाॅटों को चिह्नित किया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान खाली प्लाॅटों में दवा का छिड़काव किया जा सके और शहरवासी बीमारियों से बचे रहें।
निशा शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, गोहाना