फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनएच-334बी पर वाहनों के फर्राटा भरने में बिजली निगम बना रोड़ा, टावर हटने के बाद मार्च में हो सकेगा शुरू

विज्ञापन
एनएच-334बी के बाईपास पर सड़क के बीच लगे टॉवर से बचने के लिए लगाए गए डायवर्जन बोर्ड। संवाद - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
प्रदीप कौशिक
विज्ञापन

सोनीपत। नेशनल हाईवे-334बी पर फर्राटा भरने के लिए वाहन चालकों को अभी एक माह तक और इंतजार करना पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से जनवरी में राष्ट्रीय राजमार्ग को शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बिजली निगम ने इसमें रोड़ा अटका दिया। गांव रोहट के पास बाईपास पर सड़क के बीच खड़े हाईटेंशन लाइन के टॉवर को बिजली निगम के अधिकारी अभी तक नहीं हटवा सके। इस कारण आवागमन शुरू नहीं किया जा रहा है। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है बिजली निगम की ओर से नया टॉवर जल्द लगाया जाएगा। साथ ही हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई भी बढ़ेगी।
सोनीपत की सीमा में एनएच-334बी गांव रोहणा से उत्तर प्रदेश की सीमा तक फोरलेन बनाया जा रहा है। इसके निर्माण पर एनएचएआई की ओर से 1020 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। गांव रोहणा से आगे झज्जर होते हुए लोहारू के राजस्थान बॉर्डर तक काफी समय पहले ही फोरलेन सड़क का निर्माण हो चुका है। वहीं उत्तर प्रदेश में बागपत से मेरठ तक निर्माण कार्य जारी है। सड़क बनने के बाद उत्तर प्रदेश से लेकर राजस्थान की सीमा तक आवागमन करने वाले वाहन चालकों को काफी राहत मिल सकेगी। (संवाद)
विज्ञापन

एनएच के लिए बनाया बाईपास, टॉवर बना बाधा
एनएच बनने से मेरठ व बागपत से होकर सोनीपत, रोहतक, झज्जर होते हुए लोहारू में राजस्थान बॉर्डर तक वाहन आसानी से आवागमन कर सकेंगे। एनएच 334बी के लिए गांव पलड़ी से रोहट तक बाईपास का निर्माण किया गया है। रोहट के पास बाईपास पर सड़क के बीच हाईटेंशन लाइन के टॉवर को अभी तक नहीं हटाया गया है। एनएचएआई की ओर से टॉवर को हटवाने के लिए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के अधिकारियों को कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। निगम की ओर से एनएचएआई को लिखे गए पत्र में जवाब दिया गया है फरवरी में ही नया टॉवर लगाया जाएगा और टॉवर को जल्द हटाने की बात कही है।
टॉवर हटाए जाने के बाद वाहन चालकों को होगा फायदा
एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि बाईपास पर सड़क के बीच खड़े टॉवर के हटाए जाने के बाद नेशनल हाईवे (एनएच) को शुरू किया जा सकेगा। यह बाईपास पलड़ी से लेकर बहालगढ़ व राई के बीच जीटी रोड के ऊपर से होते हुए रोहट गांव के पास रोहतक रोड पर मिलेगा। इससे भारी वाहन चालकों को मेरठ से लोहारू जाने के लिए सोनीपत शहर में प्रवेश करने से निजात मिल जाएगी। एनएच-334बी का निर्माण होने से सोनीपत, रोहतक, झज्जर व भिवानी के लोगों को फायदा होगा। वहीं बाहरी वाहनों का प्रवेश बंद होने से शहर को वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी।
जनवरी में चालू करने की थी योजना
अधिकारियों ने बताया कि जिले की सीमा में एनएच-334बी का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसे 26 जनवरी से पहले चालू करने की योजना थी। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम की ओर से रोहट के पास बाईपास पर सड़क के बीच खड़े हाईटेंशन लाइन के टॉवर को नहीं हटाया गया। जिसके कारण वाहनों का आवागमन चालू नहीं किया जा सका।
विज्ञापन

वर्जन
रोहट गांव के पास बाईपास पर सड़क के बीच हाईटेंशन लाइन का टॉवर खड़ा होने के कारण हादसे होने का खतरा है। ऐसे में नए एनएच-334बी को वाहन चालकों के लिए नहीं खोला जा सका है। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के अधिकारियों से टॉवर को हटवाने के लिए बात हो चुकी है। इसी माह टॉवर हटाकर बिजली निगम की ओर से एनएच के पास नया लगाया जाएगा और हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी। टॉवर लगने के बाद 1020 करोड़ की लागत से बनाए गए नए हाईवे से वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।
- आनंद दहिया, डीजीएम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें