फोटो : सोनीपत के गुड़ मंडी के पास अग्रवाल धर्मशाला में बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे
सोनीपत। भीषण गर्मी के बीच शहर के पश्चिमी क्षेत्र में पेयजल और बिजली संकट ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। रोजाना घंटों बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और पानी की अनियमित आपूर्ति से क्षेत्रवासी त्रस्त हैं। हालात बिगड़ने पर लोगों ने प्रदेश के बिजली मंत्री अनिल विज को पत्र भेजकर जल्द समाधान की मांग उठाई है।
वीर सावरकर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर मंगलवार दोपहर गुड़ मंडी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक निखिल मदान, नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन तथा बिजली और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने बैठक में बिजली और पानी की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
तालमेल की कमी पर जताई नाराजगी : लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली और पानी की सप्लाई में समन्वय नहीं होने से स्थिति और बिगड़ गई है। जब बिजली आती है तो पानी की सप्लाई बाधित रहती है और जब पानी छोड़ा जाता है तो बिजली कट जाती है।
मिर्च मंडी क्षेत्र में कई बार बिजली न होने के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। लोगों ने दोनों विभागों से संयुक्त कार्ययोजना बनाकर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।