भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हम अकेले चुनाव लड़ने में सक्षम हैं। साथ ही कहा कि पहलवानों के मुद्दे पर प्रदेश सरकार मूकदर्शक बनी है। हम शुरू से समर्थन में हैं, नार्को टेस्ट होना चाहिए।
2024 के चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार है। हम अकेले चुनाव लड़ने में सक्षम हैं। यह बात हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को सोनीपत के जीवीएम कन्या महाविद्यालय में एक वरिष्ठ पत्रकार की स्मृति में लगाए गए रक्तदान शिविर के दौरान कही।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा लगातार प्रदेश के युवाओं के भविष्य से खेल रही है। सरकार की शिक्षा नीति जीरो हो चुकी है, यही कारण है कि प्रदेश में करीब 4 हजार स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौजूदा सरकार से हर वर्ग दुखी है। सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस राज में हम रोजगार देने में एक नंबर पर होते थे, लेकिन आज प्रदेश बेरोजगारी व अपराध में नंबर 1 पर है।
सरकार पर लगभग 4 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के मामले में कहा कि मैं उनके समर्थन में शुरुआत से हूं। बेटियों को न्याय मिलना चाहिए। हरियाणा सरकार पूरे मामले में मूकदर्शक बनी बैठी है।
विज्ञापन
मैं सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील कर रहा हूं कि इस मामले में दलगत राजनीति से उठकर पहलवानों का साथ देना चाहिए। हमारे बच्चों के साथ अन्याय हुआ है। इस मामले में नार्को टेस्ट होना चाहिए। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र पंवार, जयवीर सिंह, जगबीर मलिक, पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, पूर्व विधायक जयतीर्थ दहिया, पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया व अन्य मौजूद रहे।