सोनीपत। बिल्डर के सेक्टर में टूटी सड़कों पर उड़ रही धूल से रेजिडेंट के साथ ही अन्य वाहन चालकों का जीन मुहाल कर रखा है। मुख्य सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी डाले जाने के बाद उड़ रही धूल से सभी को परेशानी हो रही है। सड़कों से आवागमन करने वाले करीब 15 हजार लोगों को रोजाना धूल के गुब्बार के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इसे लेकर रेजिडेंट में हुडा के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सड़कों का निर्माण नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने को विवश होंगे।
शहर से बाहर ओमेक्स सिटी, मैक्स हाईट व पार्श्वनाथ के पास टूटी सड़कों पर मिट्टी डाले जाने से दिनभर धूल उड़ती रहती है। बिल्डर कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का आरोप है कि मुख्य सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी हुडा की है। हुडा की तरफ से इन सड़कों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि टूटी सड़कों पर मिट्टी डाल दी जाती है। जिसके बाद समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। अब पहले ही लोग स्मॉग व प्रदूषण के कारण परेशान है। ऐसे में सड़क पर उड़ती धूल के गुब्बार उनके लिए मुसीबत बन जाते हैं। उनका आरोप है कि वह इसे लेकर बिल्डर और हुडा कार्यालय में कर्मियों को अपनी परेशानी से अवगत करा चुके हैं, लेकिन ठोस पहल नहीं हो सकी है। लोगों का आरोप है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।
धूल से बुजुर्गों व बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत
रेजिडेंट का आरोप है कि धूल से बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। पहले ही स्मॉग के कारण प्रदूषण ज्यादा रहता है। ऐसे में सड़कों पर उड़ती धूल उनके लिए ज्यादा परेशानी का सबब बन जाती है। सुबह बुजुर्गों को बाहर घूमने जाने से सांस की समस्या बढ़ने का डर सताने लगा है। जिसके चलते वह बाहर तक जाने से परहेज करने लगे हैं।
लोग बोले-
शहर के बाहर बने सेक्टर में सड़क चारों तरफ से टूटी हुई है। इन पर मिट्टी डालने से मुसीबत बढ़ जाती है। जठेड़ी लेकर पार्श्वनाथ व ओमेक्स तक सड़क टूटी है। मिट्टी डालकर गड्ढों को भरा गया है। जिससे धूल उड़ती रहती है।
- राजेश त्यागी, रेजिडेंट ओमेक्स सिटी
हुडा की तरफ से सड़कों के निर्माण पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उड़ती धूल सभी के लिए मुसीबत बनी हुई है। मुख्य सड़कों से रेजिडेंट के साथ ही अन्य वाहन चालक भी गुजरते है। जिससे 15 हजार से अधिक लोगों को रोजाना परेशानी होती है।
- महेश कुमार, रेजिडेंट ओमेक्स सिटी
सड़कों पर मिट्टी डाले के बाद से धूल उड़ रही है। जिससे सभी के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। खासकर बुजुर्ग व बच्चे इससे ज्यादा परेशान हैं। पहले ही स्मॉग व प्रदूषण मुसीबत बना हुआ है। ऐसे में हुडा को चाहिए कि वह सेक्टर की मुख्य सड़कों को बेहतर रखरखाव करें।
- प्रमोद कौशिक, रेजिडेंट मैक्स हाईट
बिल्डर के सेक्टर के पास टूटी सड़क सभी के लिए मुसीबत बनी हुई है। सड़कों पर मिट्टी डाली गई है जिससे यहां से गुजरने में दिक्कत हो रही है। हुडा डिपार्टमेंट को तुरंत लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए कदम उठाना चाहिए।
- नरेश कौशिक, ओमेक्स सिटी
वर्जन
सेक्टरों में सड़कों के पुनर्निर्माण व मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। सभी सड़कों को बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए 15 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है। उसकी मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
- पवन कुमार, एक्सईएन, एचएसवीपी