संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। उप सिविल सर्जन (एनसीडी) ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फिरोजपुर बांगर और हलालपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों केंद्रों पर कई खामियां सामने आईं। इनमें स्टाफ की अनुपस्थिति और रिकॉर्ड में गड़बड़ी मुख्य थी।
फिरोजपुर बांगर सीएचसी में दंत चिकित्सक और लैब तकनीशियन अनुपस्थित मिले। राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (एनपी-एनसीडी) कार्यक्रम के रिकॉर्ड में भी कमियां पाई गईं। उप सिविल सर्जन आशा सहरावत ने मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए।
नर्सिंग अधिकारी साहिल को एनसीडी पोर्टल प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया। टेली ईसीजी सेवा का मूल्यांकन किया गया और इसे हृदय रोगियों के लिए अनिवार्य करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को एनसीडी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और ऑनलाइन प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी पात्र मरीजों की आभा आईडी जनरेशन और लिंकेज पर भी जोर दिया गया।
मरीजों की शिकायतें और कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान मरीजों ने स्टाफ के समय पर ड्यूटी पर न आने की शिकायत की। सीएचसी हलालपुर में एक बुजुर्ग ने सफाई व्यवस्था को लेकर लिखित शिकायत दी। यहां अकाउंटेंट और सीनियर नर्सिंग सिस्टर अनुपस्थित मिले। सफाई कर्मचारी व गार्ड बिना यूनिफार्म के पाए गए, जिस पर कारण बताओ नोटिस जारी हुआ। उप सिविल सर्जन ने सभी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए और लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।