राई। मुकीनपुर के पास दीपालपुर-मेहंदीपुर चौक पर डंपर की टक्कर से एक कार कई बार पलटते हुए गेहूं के खेत में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो साल की बच्ची की बाहर गिरने से मौत हो गई जबकि उसकी दो बहनें, पिता, दादा व पिता का दोस्त घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार हरिद्वार से स्नान कर लौट रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
सोनीपत के विशाल नगर का रहने वाला गजेंद्र सिंह अपनी बेटियों जानकी (2), संस्कृति (4), सांची (7), रोहतक की हरिसिह कॉलोनी निवासी अपने पिता कन्हैयालाल और जीवन विहार सोनीपत निवासी अपने दोस्त अनिल के साथ हरिद्वार स्नान करने गया था। वीरवार को सभी कार से सोनीपत लौट रहे थे। गजेंद्र सिंह ने बताया कि जब वह मुकीनपुर के पास दीपालपुर-मेहंदीपुर चौक पर पहुंचे तो तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्ती थी कि कार कई बार पलटते हुए खेत में जाकर गिरी। हादसे में उसकी बेटी जानकी कार से बाहर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अन्य सभी को भी चोटें आईं। राहगीरों ने सभी घायलों को उपचार के लिए मुरथल रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसकी बेटी जानकी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गजेंद्र के बयान पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।