सोनीपत। कोर्ट परिसर में सिपाही महेश ने करीब पौने एक बजे बदमाश अजय उर्फ बिट्टू बरोणा को गोली मारी। वारदात के करीब दस मिनट बाद ही बिट्टू बरोणा के पिता कृष्ण की हत्या के लिए हमलावर पहुंच गए। स्कॉर्पियो से घर के बाहर उतरते ही हमलावरों ने ताऊ कहकर आवाज लगाई तो कृष्ण दरवाजे पर पहुंचे। इसी दौरान हमलावरों ने गोलियां चला दी। कृष्ण अपनी जान बचाने के लिए कमरे में घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया। लेकिन हमलावर किसी भी हालत में उसकी हत्या करना चाहते थे। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर कृष्ण की गोलियां मारकर हत्या कर दी। वहीं, हमलावरों ने बिट्टू की मां को मारने का प्रयास किया तो उसने हाथ जोड़कर अपनी जान बचाई। पूरा घटनाक्रम करीब साढ़े चार मिनट का रहा। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे में हमलावरों की स्कॉर्पियो दिखा दे रही है।
बरोणा गांव में कृष्ण के घर जब स्कॉर्पियो में हमलावर पहुंचे तो उस समय कृष्ण के अलावा घर में उसकी पत्नी अनीता अपने पोते को गोद में लेकर बैठी हुई थी। जबकि बड़े बेटे दिनेश की पत्नी बाथरूम में नहाने गई हुई थी। उसने गोली की आवाज सुनी तो वह बाथरूम के अंदर ही बैठ गई। कृष्ण को कमरे में गोली मारने के बाद हमलावर बाहर निकले तो एक हमलावर ने उसकी पत्नी अनीता को भी गोली मारने की बात कही। जिस पर अनीता हमलावरों के आगे हाथ जोड़कर बैठ गई और कहा कि हम मारकर क्या करोगे, उन्होंने किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा है, इसलिए उनको छोड़ दें। इसके बाद हमलावर वहां से निकल गए।
विश्वासघात : सिपाही ने नहीं निभाया दूध का कर्ज
बिट्टू बरोणा की मां अनीता ने बताया कि उसके बेटे को गोली मारने वाला सिपाही महेश उनके घर पहले कई बार आ चुका है। महेश उन्हें सुरक्षा देने के साथ ही बेटों की मदद करने की बात कहता था। जिसे घर आने पर वह हर बार दूध पिलाती थी। अनीता ने कहा कि जिसको घर आने पर वह दूध पिलाती थी और वह उनको सुरक्षा का भरोसा दिलाता था, उस महेश ने उसके बेटे को गोली मार दी।
हत्या करके डीवीआर उठाकर ले गए हमलावर, एक अन्य सीसीटीवी में दूर से दिख रहे
हमलावर कृष्ण के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उठाकर ले गए। लेकिन कुछ दूर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में हमलावर 1 बजकर 9 मिनट 14 सेकेंड पर स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आते दिखाई दे रहे हैं। पहले तीन हमलावर उतरकर घर का गेट खुलवाते हैं और उसके बाद अन्य हमलावर गाड़ी से उतरकर अंदर जाते हैं। इसके कुछ देर बाद 1 बजकर 13 मिनट 44 सेकेंड पर हमलावर अपनी गाड़ी मे बैठकर फरार हो जाते हैं। इस तरह करीब साढ़े चार मिनट में घटना को अंजाम दिया गया। उस परिवार की एक बच्ची भी सीसीटीवी कैमरे में घर के अंदर जाने व उसके तुरंत बाद बाहर आते दिखाई दे रही है।
अजय का बड़ा भाई हत्या के मामले में जेल में है बंद
बदमाश अजय उर्फ बिट्टू का बड़ा भाई दिनेश भी हत्या के मामले में जेल में बंद है। सोनू मलिक की रेकी करने के दौरान उन्हें अपने साथी गांव जागसी के सुनील पर ही सूचनाएं लीक करने का शक होने पर उसकी बरोणा में ही गोली मारकर हत्या की गई थी। इस आरोप में दिनेश उर्फ सोनू को खरखौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सुनील का शव 23 जून, 2020 को बरोणा गांव के खेतों में पड़ा मिला था।