सोनीपत। शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस कड़ी में अब जिला स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबंधित नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 31 अक्तूबर को गीता भवन चौक स्थित गीता विद्या मंदिर स्कूल में आयोजित की जाएगी।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के लिए पांच विषय निर्धारित किए गए हैं। जिन पर विद्यार्थियों को अंग्रेजी या हिंदी में निबंध लिखना होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण 31 अक्तूबर सोमवार सुबह 8:30 बजे स्कूल में ही होगा। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को प्रदेश स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के लिए यह विषय किए गए हैं निर्धारित
-कृषि में ड्रोन प्रौद्योगिकी की भूमिका और क्षमता
-राज्य में खेल संस्कृति का महत्व
-विगत कोविड-19 में चुनौतियां और अवसर
-पर्यावरण की स्वच्छता का महत्व
-जल संरक्षण और प्रबंधन