कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच ऑक्सीजन की कमी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल शुरू कर दी है। 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए सोमवार को जिला अस्पताल में गुजरात से मशीनें पहुंच गई हैं। प्लांट के लिए मशीनों को स्थापित करने का काम शुरू हो चुका है, लेकिन पीडब्ल्यूडी ने प्लांट में बिजली आपूर्ति के लिए पावर सब स्टेशन लगाने की दिशा में अभी कोई कार्रवाई शुरू नहीं की है। ऐसे में बिना पावर स्टेशन के प्लांट को चलाने मेें दिक्कत आएगी।
जिला अस्पताल में 1.66 करोड़ की लागत से 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाना है। इसके लिए एचएसआईआईडीसी की ओर से बजट की मंजूरी देने के साथ स्वास्थ्य विभाग को 68 लाख रुपये भेज दिए हैं। वहीं प्लांट को संचालित करने के लिए आवश्यक पावर सब स्टेशन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पीडब्ल्यूडी में 50 लाख रुपये जमा कराए हैं। सोमवार को गुजरात की एलएंडटी कंपनी ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए जिला अस्पताल में मशीनें भेज दी हैं। इसका बजट कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत एचडीएफसी बैंक की ओर से दिया जाएगा।
जिला अस्पताल में सात माह पहले 200 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया था। उस प्लांट से रोजाना 40 ऑक्सीजन सिलिंडर भरे जाते हैं। कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल में एक और ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया था। इसे लेकर मई में सांसद रमेश कौशिक ने 1000 एलपीएम के ऑक्सीजन प्लांट की आधारशिला रखी थी। इसके लिए एचएसआईआईडीसी की ओर से बजट देने का वादा किया गया था।
दूसरी लहर में ऑक्सीजन संकट को देखते हुए प्लांट लगाने का लिया निर्णय
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जिले में ऑक्सीजन का संकट खड़ा हो गया था। मरीजों को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण काफी परेशानी हुई थी। यही नहीं जिला प्रशासन को ऑक्सीजन की आपूर्ति अपने स्वयं शुरू करानी पड़ी थी। सभी का कोटा निर्धारित कर दिया गया था। जिला अस्पताल में 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होने के बाद यहां रोजाना 200 सिलिंडर ऑक्सीजन का उत्पादन किया जा सकेगा। अस्पताल के सभी वार्डों में इसकी आपूर्ति दी जाएगी। बड़ा प्लांट लगने से अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं रहेगी।
-
ऑक्सीजन प्लांट को चलने के लिए लगेगा पावर स्टेशन
1000 एलपीएम ऑक्सीजन प्लांट को चलाने के लिए पावर स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 50 लाख रुपये पीडब्ल्यूडी को सिक्योरिटी जमा कराई जा चुकी गई है। पावर स्टेशन स्थापित होने से पहले प्लांट लगाने के लिए गुजरात से मशीनें जिला अस्पताल में पहुंच गई हैं। हालांकि पावर स्टेशन स्थापित करने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने काम शुरू नहीं किया है।
वर्जन
1.66 करोड़ रुपये की लागत से जिला अस्पताल में 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट लगाने की शुरुआत हो चुकी है। एलएंडटी कंपनी ने गुजरात से प्लांट लगाने के लिए मशीनें भेज दी हैं। इसके लिए एचएसआईआईडीसी से मिले 68 लाख मे से 50 लाख रुपये पावर स्टेशन के लिए पीडब्ल्यूडी को जमा करा दिए हैं। पावर स्टेशन जल्द लगाने के लिए दोबारा पीडब्ल्यूडी को पत्र लिख दिया गया है।
- डॉ. आदर्श शर्मा, उप सिविल सर्जन सोनीपत