जिले में पुलिस की ओर से बेशक सुरक्षा का दावा किया जा रहा हो, लेकिन चोरी की वारदात आए दिन बढ़ती जा रही हैं। घर व दुकानें ही नहीं, सरकारी कार्यालय के बाहर खड़े वाहन चोरी हो रहे हैं। जिले में आठ जगहों से चोरियां तो हुई हैं। एक छत के नीचे लघु सचिवालय में बने कार्यालयों में तैनात कर्मचारियों के वाहन तक सुरक्षित नहीं हैं। दूसरी मंजिल पर एसपी कार्यालय है चोरों ने एसपी कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मी की मोटर साइकिल को भी नहीं बख्शा। इससे साबित हो रहा है कि पुलिस चोरों पर नकेल कस पाने में फुस साबित हो रही है।
चोरों ने पुलिस कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मी की मोटर साइकिल चोरी कर ली। लघु सचिवालय में स्थित पुलिस कार्यालय के बाहर मोटर साइकिल खड़ी कर कार्यालय में चला गया। ड्यूटी खत्म कर आकर देखो तो मोटर साइकिल गायब मिली। पुलिस कर्मी ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। माडल टाउन से चोरों ने मोटर साइकिल की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वहीं कुंडली के पास ड्रेन नं. आठ के नजदीक खड़ी प्रदीप की बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
मजदूरों के कपड़ों से निकाले मोबाइल व नकदी
कुंडली स्थित कोल्ड स्टोर में सो रहे मजदूर की जेब पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। कोल्ड स्टोर पर बुधवार रात को 15 मजदूर सो रहे थे। मजदूरों ने अपने कपड़े टांग रखे थे। देर रात चोरों ने उनके कपड़ों में रखे 38 हजार 280 रुपये की नकदी व 6 मोबाइलों पाथ साफ कर दिया। पुलिस ने जांच के बाद मिलन थापा के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
घर में चोरों ने लगाई सेंध
खेवड़ा गांव के अंबेडकर कॉलोनी में में चोरों ने घर में सेंध लगाकर हजारों रुपये की नकदी व गहनों पर हाथ साफ कर दिया। देर रात जब मकान मालिक करण सिंह की आंख खुली तो उसने दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ पाया। उसे शक हुआ तो उसने दरवाजा खोलकर देखा। कमरे में रखी अलमारी से बाहर सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने घर में रखे सोने, चांदी के आभूषण व 20 हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया।-
हरसाना में टावर से बैटरी चोरी
हरसाना गांव में स्थित टावर पर चोरों ने सेंध लगाकर 24 सेल बैटरी, जियो की 4 बैटरी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, खानपुर कलां गांव से ट्रांसफार्मर के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरों ने ट्रांसफार्मर का सारा सामान निकाल लिया। जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही।
घर के बाहर खड़ी कार चोरी
शिकायत कर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह धतूरी स्थित कंपनी में कार्यरत है। हर रोज की तरह वह अपनी गाड़ी को खड़ी कर अंदर घर में चला गया। सुबह कंपनी में जाते समय घर से निकला तो उसकी कार गायब मिली।
वर्जन
जिले की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चला रखा है। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जिले में वाहनों की चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। हर व्यक्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है। पुलिस चोरों को पकड़ने के प्रयास कर रही है।
-अश्विन शैणवी, एसपी सोनीपत।