कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की समस्या से जूझ रहे उद्योगपतियों व लोगों को जल्द निजात मिल सकेगी। कुंडली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सदस्यों व पदाधिकारियों का संघर्ष आखिर काम आया है। एचएसआईआईडीसी कुंडली औद्योगिक क्षेत्र से पानी निकासी कराने के लिए साढ़े छह करोड़ रुपये खर्च कर डिस्पोजल लाइन बिछाएगी। डिस्पोजल लाइन ड्रेन नंबर छह तक बिछाई जाएगी, जिससे औद्योगिक क्षेत्र से पानी निकासी आसानी से संभव हो सकेगी। इसके बाद सड़कों व फैक्टरियों के अंदर पानी नहीं भरेगा।
बारिश आते ही निकासी के अभाव में कुंडली औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों व फैक्टरियों में पानी भर जाता है। इससे फैक्टरी मालिकों को काफी नुकसान भी होता है। यहां तक कि कई फैक्टरियों में मशीन तक पानी में डूब जाती है। पानी निकासी की समस्या के समाधान के लिए कुंडली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन लंबे समय से लड़ाई लड़ रही है। इसे लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारी अधिकारियों से लेकर प्रदेश सरकार तक से गुहार लगा चुके हैं। यहां तक कि उद्योगपतियों ने पहले आरोप भी लगाया था कि कुंडली क्षेत्र में सीवरेज ड्रेनेज सिस्टम पर करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। औद्योगिक क्षेत्र में महज एक घंटे की बारिश से सड़कें तालाब नजर आने लगती हैं और फैक्टरियों में पानी भर जाता है। इस पर अब एचएसआईआईडीसी ने इसका स्थायी समाधान कराने की तरफ पहल की है। बारिश का पानी नई लाइन के माध्यम से सीधा ड्रेन नंबर छह में डाल दिया जाएगा।
सिंचाई विभाग में जमा कराए पैसे, जल्द शुरू होगा काम
एचएसआईआईडीसी की तरफ से नई डिस्पोजल लाइन बिछाने के लिए सिंचाई विभाग में साढ़े डह करोड़ रुपये जमा करा दिए गए हैं। सिंचाई विभाग की तरफ से इसे लेकर जल्द काम शुरू किया जाएगा। वर्क ऑर्डर जारी होने से समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
वर्जन
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगपति लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। अब एचएसआईआईडीसी ने निकासी के लिए डिस्पोजल लाइन डालने का वर्क आर्डर जारी किया है। जिससे उम्मीद जगी है कि जल्द यह समस्या दूर होगी। इस कार्य कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरी पारदर्शिता से किया जाना चाहिए, जिससे उद्योगपतियों को समस्या से पूरी तरह निजात मिल सके।
- सुभाष गुप्ता, वरिष्ठ उप प्रधान, कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन
वर्जन
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की शिकायत मिल रही थी, जिससे निजात दिलाने के लिए साढ़े छह करोड़ का बजट पास कर वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। डिस्पोजल लाइन बिछाने के लिए राशि सिंचाई विभाग में जमा करा दी गई है। जल्द काम पूरा कराकर उद्योगपतियों को राहत दी जाएगी।
- अरुण गर्ग, एक्सईएन, एचएसआईआईडीसी, कुंडली