जीत दर्ज करने के बाद देवेंद्र कादियान हाथ में झाड़ू लेकर सफाई करते हुए।
- फोटो : संवाद
हरियाणा की गन्नौर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीते देवेंद्र कादियान ने कहा कि किसानों, कर्मचारियों या किसी वर्ग के लोगों पर सरकार की ओर से पहले की तरह लाठियां बरसाई गईं तो वह अपना समर्थन तुरंत वापस ले लेंगे। वह अपनी जेब में इस्तीफा तैयार रखेंगे।
बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपना समर्थन देने का एलान किया है। इससे पहले उन्होंने शहर के चिराग गार्डन में बैठक बुलाई। इसमें बड़ी तादाद में पहुंचे लोगों ने भाजपा सरकार के साथ जाने पर हाथ उठा कर सहमति जताई और कहा कि सरकार के साथ रहकर ही गन्नौर क्षेत्र में विकास की गति को बढ़ाया जा सकता है।
कादियान ने कहा कि जनता से वादा किया था चुनाव जीतने के 24 घंटे बाद ही अपने काम में जुट जाएंगे। इसकी शुरुआत कर दी है। सुबह बाजार में आकर झाड़ू लगाई और कहा कि शहर को स्वच्छ बनाया जाएगा। देवा सोशल वेलफेयर सोसाइटी की तरफ से करीब 90 लाख रुपये की लागत से दो ऑटोमेटिक मशीनें खरीदी हैं। यह मशीनें जनता को समर्पित की जाएंगी। इन मशीनों से शहर में सड़कों की सफाई करवाई जाएगी।
इस दौरान सरपंच मेहर सिंह, सरपंच कर्मबीर, प्रमोद ढाका, महेश त्यागी, मंजीत कुमार, नरेंद्र यादव, अजित कादियान, हरीश वाधवा, अंकित मल्होत्रा, नपा वाइस चेयरमैन दिनेश अदलखा, सतीश जैन, वरुण जैन, अमित बत्रा, राजेंद्र गोस्वामी, संदीप ठरू मौजूद रहे।