सोनीपत। सीएम मनोहर लाल ने रविवार को जिले के लोगों को विकास की नई सौगात प्रदान की है। उन्होंने चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंस के जरिये जिले की तीन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिन पर करीब 182 करोड़ रुपये की लागत आई है। साथ ही 48.83 करोड़ के चार विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने गन्नौर में जीटी रोड पर भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट बनाने को 2500 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की।
सीएम के वीडियो कांफ्रेंस के बाद लघु सचिवालय के सभागार में सांसद रमेश कौशिक ने तीन विकास परियोजनाओं को लोकार्पित किया। इनमें बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में 155 करोड़ से बनने वाला मेगा फूड पार्क, गांव डबरपुर में 33.81 लाख रुपये की लागत से निर्मित पार्क कम व्यायामशाला और गांव हसनपुर के पास 279.86 लाख रुपये से बनाए गए मुरथल खंड के बीडीपीओ कार्यालय के भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा 552.99 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शामड़ी बजाना खुर्द मोई माजरी रोड, 573.27 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गंगेसर से सिरसाढ़ रोड वाया महमूदपुर रोड और 662.46 लाख रुपये से बनने वाले रिवाड़ा वाया बिलबिलान आंवली से रिठाल रोड शामिल हैं। इनके साथ गांव जाजी गांव में 30 करोड़ 95 लाख 11 हजार रुपये से बनाए जाने वाले स्पेशल होम, आब्जर्वेशन होम एवं चाइल्ड केयर होम की भी आधारशिला रखी।
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि गन्नौर में सीएम मनोहर लाल ने भारतीय अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट को भी शुरू करने की घोषणा की है, जिससे गन्नौर व आसपास के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि केएमपी के साथ लोगों को ट्रेन की सुविधा भी दी जाएगी। रैपिड ट्रेन का कार्य भी शीघ्र शुरू करवाया जाएगा। गन्नौर में रेल कोच फैक्टरी का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। विधायक एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि निश्चित रूप से इन परियोजनाओं से सोनीपत की तरक्की होगी। रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। गन्नौर की विधायक निर्मल चौधरी ने कहा कि रेल कोच फैक्टरी क्षेत्र के विकास को नए आयाम देगी। इस दौरान जजपा के जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया, डीसी श्याम लाल पूनिया, असिस्टेंट कमिश्नर (यूटी) सलोनी शर्मा, नगराधीश जितेंद्र जोशी, एसडीएम डॉ. अनमोल, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन भूपेंद्र सिंह, एसडीओ जगदीश कादयान, नाबार्ड के जीएम राजकिरण जौहरी, एलडीएम तुलाराम, डीसीपीओ डा. रितु गिल आदि मौजूद रहे।