पीएम के नाम गोहाना तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते सामाजिक संगठनों के सदस्य। स्रोत : पाठक
गोहाना। दलित और पिछड़ी जातियों के विभिन्न सामाजिक संगठनों के नेताओं ने बालिका की हत्या के मामले में आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। बैकवर्ड नेता आजाद दांगी और सेन समाज के प्रदेशाध्यक्ष दिलबाग बाजवान के नेतृत्व में नेताओं ने प्रधानमंत्री के नाम गोहाना के तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
नेताओं ने बताया कि राजस्थान के बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय बालिका 21 फरवरी को आठवीं कक्षा की परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन लापता हो गई थी। बाद में उसका शव रोही क्षेत्र में अर्धनग्न अवस्था में मिला। आरोप है कि दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे समाज, खासकर दलित और पिछड़े वर्ग में भारी रोष है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसडीएम के न मिलने पर उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और कहा कि यह ज्ञापन प्रधानमंत्री तक पहुंचाया जाए।
नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा नहीं दी गई तो पूरे देश में दलित और पिछड़ा वर्ग सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा।
इस मौके पर पूर्व प्रधान भीम सिंह, पूर्व प्रधान सुरेश पवार, जगमहेंद्र बाजवान, महेंद्र खंदराई, रामफल मुडलाना, सूरजा सेन, अजमेर कंकरवाल, अनिल खंदराई, सतपाल धानक, सतबीर वाल्मीकि, सतवीर पोडिया, पूरणमल चहल सहित कई लोग मौजूद रहे।