दो अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में रविवार को एक शिव भक्त की मौत हो गई। वहीं, 10 शिव भक्त घायल हो गए हैं। गोहाना में गोहाना-पानीपत मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव व घायलों को इलाज के लिए खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में जाया गया। वहीं, खरखौदा बाईपास पर अल सुबह थाना कला चौक के पास हुई डाक कांवड़ियों की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। गाड़ी में सवार 13 लोगों में से 8 कांवड़िए घायल हो गए, जिन्हें खरखौदा के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया।
भिवानी के शिवभक्त की गई जान
गांव मंढ़ाना, जिला भिवानी निवासी दर्शन ने बताया कि उनके गांव के लगभग 14 युवक डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। शनिवार देर रात वह कांवड़ उठाकर गांव के लिए चले थे। कांवड़ लाने के लिए वह अपने गांव के ही सोमबीर और सोमेश बाइक पर आ रहे थे और बाकी युवक पीछे पिकअप गाड़ी में थे। बाइक को सोमेश चला रहा था। जब वह गोहाना में पानीपत चुंगी के पास पहुंचे तो पानीपत की तरफ जा रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें सोमबीर (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्शन व सोमेश घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर काफी लोग जमा हो गए। वहीं, कई देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव और घायलों को महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले गई और मामले की जांच शुरू की।
सहयोग करने के लिए रविवार को ही गया था सोमबीर
गांव मंढ़ाना निवासी युवकों ने बताया कि देर रात तक उन्होंने गांव पहुंचकर जल चढ़ाना था। इसके लिए वे हरिद्वार से आ रहे थे। उनका सहयोग करने के लिए सोमबीर भी रविवार को उनके पास रास्ते में पहुंचा था।
क्या बोले थाना प्रभारी
थाना शहर प्रभारी ऋषिकांत शर्मा ने बताया कि पानीपत चुंगी पर उनका नाका लगा हुआ है। पुलिस नाके के कुछ ही दूर एक ट्रक की चपेट से गांव मंढ़ाना निवासी सोमबीर की मौत हो गई और दो कांवड़िए घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने घायल दर्शन के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
हरिद्वार से जा रहे थे अलियास गांव, आठ घायल
खरखौदा। हादसा उस समय हुए जब मल्यावास, झज्जर निवासी युवक डाक कावड़ लेकर वापस लौट रहे थे और करीब साढ़े चार बजे सुबह खरखौदा के बाईपास पर थाना कला चौक के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे गाड़ी में बैठे आठ कांवड़िए घायल हो गए, अन्य पांच कांवड़ियों को भी हल्की चोटें आईं। घायलों को खरखौदा के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से झज्जर निवासी 40 वर्षीय वीरपाल, 17 वर्षीय अंकित, 23 वर्षीय अमित, 50 वर्षीय जय भवगवान, 35 वर्षीय शुभवेंद्र, 35 वर्षीय जोगिंद्र, 25 वर्षीय मोहित व 27 वर्षीय सुधीर को पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया।
खरखौदा में किया जलाभिषेक
डाक कांवड़ियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने और आठ कांवड़ियों के घायल होने पर शिवभक्तों ने खरखौदा के छपड़ेश्वर मंदिर में ही जलाभिषेक किया। सोनू, कृष्ण और रूपेंद्र ने कहा कि इस हालत में वे जल को गांव तक नहीं ले जा सकते। इसलिए यहीं पर जलाभिषेक कर दिया।